नानौता थाना पुलिस ने 1.20 करोड़ की स्मैक के साथ तीन को किया गिरफ्तार

सहारनपुर। नानौता थाना पुलिस ने महिला समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 590 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए बताई गई है। नानौता थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत तीनों आरोपियों को रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक गत्ता फैक्ट्री के खंडहर से पकड़ा।
सीओ शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग नशे की तस्करी कर रहे हैं। इसके बाद नानौता पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री के खंडहर में चेकिंग की।
यहां से तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर हिस्ट्रीशीटर नौशाद के पास से 270 ग्राम स्मैक मिली। वहीं कुतुबशेर निवासी महिला इशरत के पास से 260 ग्राम और कलीम के पास से 60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नौशाद नानौता थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंग से जुड़ी धाराओं समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इशरत के खिलाफ भी कुतुबशेर थाने में पहले एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है। कलीम के खिलाफ नानौता थाने में इस मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ नानौता थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  गंगोह फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र मामला: पंचायत सहायक साबिर गिरफ्तार
Share This Article