शिवरात्रि पर सहारनपुर के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए उमड़े श्रद्धालु और कांवड़िये।

शिवरात्रि पर हर-हर महादेव के जयकारों के साथ किया जलाभिषेक

सहारनपुर में शिवरात्रि पर सुबह से शिवालयों में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ रही। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच जलाभिषेक किया गया। मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

सहारनपुर। जिले भर में शिवरात्रि श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई। सुबह से ही लोगों ने शिवालयों में पहुंचकर जलाभिषेक किया तो शुभ मुहूर्त में कांवड़ियों ने जल चढ़ाया। हर तरफ पूरे दिन हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।

मंगलवार की सुबह चार बजे से श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर जलाभिषेक किया। इसी तरह श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री हरि मंदिर, श्री नारायणपुरी मंदिर, श्री बालाजी धाम सहित अनेक मंदिरों में श्रद्धालुुुओं ने श्रद्धाभाव के साथ भगवान शंकर का पंचामृत से अभिषेक किया। इसके साथ ही भगवान शंकर को भोग अर्पित कर आरती उतारी गई। पूरे दिन शिवालयों में हर-हर महादेव और बोल बम, बम-बम के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने व्रत भी रखा। वहीं कांवड़ियों ने शुभ मुहूर्त में जलाभिषेक किया। भगवान शंकर के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। जलाभिषेक को लेकर कांवड़ियों में भारी उत्साह रहा।

इसे भी पढ़ें:  निखरेगी ग्रामीण बाल प्रतिभाः 80 गांवों में स्थापित होंगे डिजिटल पुस्तकालय

डाक कांवड़ लेकर लौटते रहे शिवभक्त

शिवरात्रि पर भी बड़ी संख्या में डाक कांवडिये दिखाई दिए। अंबाला रोड और देहरादून रोड पर लगातार डाक कांवड़ियों के वाहन गुजरते रहे। मंगलवार को जनपद, पश्चिमी यूपी, हरियाणा के कांवड़ियों की संख्या अधिक रही। कांवड़िये भगवान शंकर के जयघोष के साथ तिरंगा लेकर दौड़ते रहे।
शिवालयों में रही कांवड़ियों की भीड़ पूरे शिवालयों में कांवड़ियों की भीड़ रही। कांवड़िये शिवालयों में जल लेकर पहुंचते रहे। शुभ मुहूर्त में कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया।

इसे भी पढ़ें:  शामली में 200 करोड़ की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, डीएम ने दिए जांच के आदेश

सुरक्षा रही चाक चौबंद

जिले भर में पुलिस ने सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए। शिवालयों में आरएएफ, पीएसी और पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, कांवड़ मार्ग पर भी फोर्स तैनात रही। डाक कांवड़ियों को देखते हुए चौकसी ज्यादा बरती गई।
रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगाए शिवालय
महानगर में श्री भूतेश्वर महादेव, श्री बागेश्वर महादेव, श्री पातालेश्वर महादेव, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर सहित अनेक मंदिर रंग-बिरंगी लाइटों से सजाए गए। इसके साथ मंदिरों में फूल-मालाएं भी लगाई गई।

इसे भी पढ़ें:  “मैं इंस्पेक्टर हूं, गाली नहीं दी”—मुजफ्फरनगर के रोहाना टोल पर चंद्रशेखर की पुलिस से नोकझोंक

कांवड़ सेवा शिविरों का हुआ समापन

कांवड़ यात्रा मार्ग पर करीब 30 से अधिक कांवड़ सेवा शिविर लगे थे। शिवरात्रि के साथ कांवड़ शिविर भी संपन्न हो गए। इन शिविरों में बीते एक सप्ताह से 24 घंटे कांवड़ियों और आम नागरिकों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया था।

Share This Article