मुजफ्फरनगर-आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, मचा हड़कंप

तीन बहनों का इकलौता भाई था मृतक बिलेन्द्र, मुजफ्फरनगर की लैब में करता था ब्लड सैंपल कलेक्शन का काम

मंसूरपुर। थाना मंसूरपुर क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर बोपाड़ा में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव उसके खेत में आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

इसे भी पढ़ें:  दिल्ली ब्लास्ट आतंकी हमला नहीं, महज एक दुर्घटनाः संजीव बालियान

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 22 वर्षीय बिलेन्द्र कश्यप उर्फ सीटू पुत्र वकील कुमार, निवासी ग्राम बोपाड़ा के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक का शव हुसैनपुर बोपाड़ा स्थित उसके खेत में आम के पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। परिजनों के मुताबिक, बिलेन्द्र तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की अचानक मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।

इसे भी पढ़ें:  होटल वेलविस्टा एण्ड रिसोर्ट पर छापा, पकड़ी बड़ी जीएसटी चोरी

बताया गया कि बिलेन्द्र मुजफ्फरनगर स्थित एक लैब में ब्लड सैंपल कलेक्शन का कार्य करता था। वह रोजाना की तरह अपने काम में लगा हुआ था। हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मंसूरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर स्थिति सामान्य बनी हुई है।

इसे भी पढ़ें:  T-20--उद्यमियों की पिच पर बराबर रहे संजीव बालियान
Share This Article