नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के स्वच्छ और सुन्दर शहर के संकल्प में जेएस एनवायरो ने पेश की मिसाल
मुजफ्फरनगर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था में बदलाव का असर अब उन स्थानों पर भी साफ दिखाई देने लगा है, जो कभी गंदगी और कूड़े के बड़े केंद्र के रूप में पहचाने जाते थे और शहर की एक बदरंग तस्वीर पेश कर रहे थे। नगरपालिका परिषद् मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के कार्यकाल में शहरी स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों में सफलता की एक तस्वीर 80वें स्वतंत्रता दिवस पर रुड़की रोड स्थित जिला अस्पताल के निकट पूर्व डलावघर स्थल पर देखने को मिली। जहां कभी कूड़े के ढेर नजर आते थे, उसी स्थान पर अब देशभक्ति के गीतों और नारों की गूंज सुनाई दी।
नगरपालिका परिषद् के साथ अनुबंध के आधार पर शहरी स्वच्छता एवं डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य कर रही निजी क्षेत्र की कंपनी जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इसी स्थल पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया। डलावघर समाप्त होने के बाद अब यह स्थान आवागमन के लिए सुलभ मार्ग के रूप में उपयोग हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों, स्वच्छ प्रहरियों तथा स्वच्छता के प्रति अपने नागरिक दायित्वों का निर्वहन करने वाले नागरिकों को कंपनी की ओर से सम्मानित करते हुए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया गया। साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया गया।

जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. के प्रोजेक्ट हेड नीतेश चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाने के संकल्प को दोहराने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष पूर्व कंपनी को शहर के 48 डलावघरों की जिम्मेदारी मिली थी। नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के मार्गदर्शन में चलाये गये अभियान के दौरान कंपनी अब तक 30 छोटे-बड़े डलावघर बंद करा चुकी है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पहले कूड़े के ढेर और गंदगी शहर की तस्वीर को प्रभावित करते थे, वहां अब स्वच्छता और सुगम आवागमन दिखाई देता है। वहां पर सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केन्द्र बने हैं, आज सड़कों पर पहले की तरह कूड़ा दिखाई नहीं देता। यह बदलाव केवल किसी एक संस्था के प्रयास से संभव नहीं हुआ, बल्कि नगरपालिका प्रशासन, सफाई कर्मियों, कंपनी के कर्मचारियों और शहरवासियों की संयुक्त भागीदारी का परिणाम है। हमारा प्रयास है कि मुजफ्फरनगर को पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के संकल्प के स्वरूप स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान मिले।

जिला अस्पताल पूर्व कूड़ा डलावघर स्थल के साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. के भोपा रोड स्थित वाहन पार्किंग स्थल पर भी ध्वजारोहण किया गया। कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कर्मचारियों के बीच मिष्ठान वितरित कर खुशी मनाई गई। यहां पर मुख्य रूप से अनुज कुमार, सुमित कुमार, मनीषा ठाकुर, रोहित कुमार, अजय, मनीष सिंह, सागर कुमार, शुभम, आर्यव्रत, अर्पण कुमार, अंशुल भदौरिया, हेमंत सिंह, अनिल कुमार, हनी सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
