नई मंडी पुलिस ने घेराबंदी के दौरान बदमाशों को दबोचा, दो तमंचे, चाकू, चोरी के मोबाइल और बाइक बरामद
मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर चोर को घायल करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और खेतों की ओर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दो अन्य को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, थाना नई मंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सहावली की ओर से एटूजेड की तरफ आ रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भागीरथ चौक पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद सहावली की ओर से तीन युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमर घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने कांबिंग करते हुए उसके दो साथियों विशेष और नीशू को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस 315 बोर, एक चाकू, चोरी के दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अमर पुत्र महेंद्र निवासी अमित विहार कूकड़ा थाना नई मंडी उम्र करीब 23 वर्ष घायल पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि उसके दो साथियों 19 साल का विशेष पुत्र मनोज निवासी अमित विहार कूकड़ा और 26 वर्षीय नीशू पुत्र मेहन्ती सिंह निवासी कमलनगर कूकड़ा को काम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे राह चलते लोगों के मोबाइल फोन और रुपये आदि छीनने का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने की तैयारी में ही तीनों निकले थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए।
पुलिस के अनुसार घायल अभियुक्त अमर के खिलाफ थाना नई मंडी में वर्ष 2016 से 2018 तक आयुध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य धाराओं में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में थाना नई मंडी पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक आनन्द देव मिश्र समेत अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
