मुजफ्फरनगर-मुठभेड़ में नाबालिग के अपहरण-दुष्कर्म का आरोपी घायल

चरथावल रोड पर देर रात पुलिस से हुई मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली; तमंचा-कारतूस बरामद

मुजफ्फरनगर। नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहा नाजिम गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ चरथावल रोड पर देर रात करीब दो बजे हुई। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। उसके साथ मौजूद अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

इसे भी पढ़ें:  महर्षि दयानंद ने हिंदू समाज को जागृत कर देश को दिलाई स्वतंत्रताः विकल्प जैन

पुलिस के मुताबिक, करीब पांच दिन पहले रामलीला टीला निवासी एक नाबालिग लड़की के परिजनों ने एसएसपी से शिकायत की थी। परिजनों ने आरोप लगाया था कि नाजिम उनकी बेटी का अपहरण कर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस ने बाद में नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया था।

शुक्रवार देर रात पुलिस टीम चरथावल रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जवाबी कार्रवाई में नाजिम के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के बाद फरार आरोपियों की तलाश में जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया गया, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता नजर आ रहा है। पुलिस मामले में फरार आरोपियों की तलाश के साथ आगे की कार्रवाई में जुटी है।

इसे भी पढ़ें:  भैंस लूट का 20 हजार का इनामी नहर पटरी पर घिरा, खतौली पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
Share This Article