सरिया फैक्ट्री में चोरी के आरोपी बदमाशों से मुठभेड़, तीन गिरफ्तार

मंसूरपुर हाईवे के पास पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल, कार, तमंचा-कारतूस, 2.70 लाख रुपये और चोरी का माल बरामद

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र में दिल्ली देहरादून हाईवे के पास पुलिस और कार सवार बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो आरोपियों को पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान दो अन्य बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी मंसूरपुर क्षेत्र स्थित अंबा सरिया फैक्ट्री में हुई चोरी के मामले में वांछित बताए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  दशलक्षण पर्व का पांचवा दिन उत्तम सत्य धर्म के रूप मे मनाया।

जानकारी के अनुसार, मंसूरपुर थाना पुलिस हाईवे के आसपास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को कार सवार कुछ संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहसिन नामक शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

इसे भी पढ़ें:  अपनी पत्नी का दूसरे युवक से कराया निकाह, तीन बच्चे भी सौंप दिए

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में व्यापक कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान मुस्तफा और आरिफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, अंधेरे और खेतों का फायदा उठाकर दो अन्य बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर निकल गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन अभियान चलाया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक कार, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 2.70 लाख रुपये की नगदी तथा चोरी के आठ बंडल भी बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान का संबंध मंसूरपुर क्षेत्र की सरिया फैक्ट्री में हुई चोरी से जुड़ा है।

इसे भी पढ़ें:  आरएसएस ने सौ वर्षों के संघर्ष में भारत की आत्मा को मजबूत कियाः संजीव बालियान

थाना प्रभारी ने बताया कि घायल बदमाश को अस्पताल में भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

Share This Article