प्रत्येक जोन में जोनल डॉग शेल्टर की होगी स्थापना

रेबीज ग्रस्त एवं आदतन आक्रामक कुत्तों की देखभाल के लिए होगा पृथक शेल्टर

सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर शहर के प्रत्येक जोन में सार्वजनिक स्थानों से पकड़े गए श्वानों के लिए जोनल डॉग शेल्टर स्थापित करेगा। नगरायुक्त के निर्देश पर इसके लिए प्रत्येक जोन में भूमि चिह्नित करने का कार्य शुरु कर दिया गया है और इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डाॅ. संदीप मिश्रा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों एवं पशु जन्म नियंत्रण नियम 2023 के अनुपालन में आवारा कुत्तों की वैज्ञानिक विधि से नसबंदी व टीकाकरण, रेबीज उन्मूलन तथा मानव-श्वान संघर्ष को कम करना है, ताकि नागरिकों एवं श्वानों का स्वस्थ सह-अस्तित्व सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि फीडिंग पॉइंट्स का चिन्हांकन रेजीडेंट वेल्फेयर सोसायटी के परामर्श से कुत्तों के टेरिटरी तथा बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर में 24 पुलिस अफसरों के तबादले, नागल थाना इंचार्ज लाइन हाजिर

उन्होंने बताया कि ये डाॅग शेल्टर केवल डाॅग रखने के केंद्र नहीं होंगे, बल्कि एडब्लूबीआई (एनिमल वेल्फेयर बोर्ड आॅफ इण्डिया) के मॉड्यूल के अनुसार आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे। उन्होंने बताया कि शेल्टर में पर्याप्त केनेल, चिकित्सा कक्ष/ पॉवर बैकअप सहित, बीमार व आक्रामक कुत्तों के लिए अलग क्वारंटाइन एरिया होगा। प्रशिक्षित पशु चिकित्सकों, पैरा-वेट स्टाफ एवं डॉग हैंडलर्स की तैनाती की जायेगी और उन्हें जिन्हें एडब्लूबीआई से मान्यता प्राप्त संस्थान से प्रशिक्षण दिया जाएगा। रेबीज ग्रस्त एवं आदतन आक्रामक कुत्तों के लिए आजीवन देखभाल हेतु पृथक शेल्टर होगा।

इसे भी पढ़ें:  कान्हा के साज शृंगार के लिए सज गए बाजार

उन्होंने बताया कि श्वानों को पकड़ने एवं छोड़ने के लिए विशेष रूप से निर्मित मानवीय परिवहन वाहन की व्यवस्था रहेगी। केनेल एवं संपूर्ण परिक्षेत्र में 30 दिन की रिकॉर्डिंग क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे तथा वैज्ञानिक कचरा निस्तारण हेतु इन्सिनरेशन/डीप बरियल की व्यवस्था की जायेगी। उन्होंने बताया कि नसबंदी, टीकाकरण, भोजन एवं दवाओं का विस्तृत डिजिटल रिकॉर्ड भी व्यवस्थित ढंग से रखा जायेगा। डाॅ. मिश्र ने बताया कि ये जोनल केंद्र आम नागरिकों और पालतू कुत्तों के लिए डॉग हेल्थ सेंटर के रूप में भी कार्य करेंगे। यहाँ पालतू कुत्तों का पंजीकरण, टीकाकरण शिविर, भारतीय नस्ल के कुत्तों हेतु निःशुल्क नसबंदी एवं प्रथम टीकाकरण, स्वास्थ्य परामर्श तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

इसे भी पढ़ें:  पाइन हिल्स एकेडमी में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस

नगर निगम ने इस महत्वपूर्ण पहल में समस्त डॉग लवर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं, आरडब्लूए एवं नागरिकों से सुझाव एवं फीडबैक की अपील करते हुए कहा है कि प्राप्त सुझावों को नियमानुसार यथासंभव समाहित करने का प्रयास किया जायेगा।

Share This Article