शिव कुमार त्यागी के मोबाइल टावर के खिलाफ भाजपा सभासद के साथ मौहल्लेवासियों ने दिया धरना, टावर हटवाने की मांग
मुजफ्फरनगर। दक्षिणी कृष्णापुरी में एक गली में जर्जर अवस्था में घोषित मकान पर मोबाइल टावर लगाये जाने को लेकर मौहल्लेवासियों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वार्ड सभासद भाजपा नेता राजीव शर्मा भी लोगों के साथ टावर के खिलाफ गली में ही धरने पर बैठे, लोगों में इसके लिए आक्रोश इतना जबरदस्त था कि अपनी दुकानों को बंद कर विरोध जताया और धरने में शामिल हुए। गली में कई लोगों ने इस मोबाइल टावर से संभावित हादसे और बीमारी फैलने के भय में अपने मकानों पर पलायन के पोस्टर लगाते हुए मकान बिकाऊ है का ऐलान भी कर दिया है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि दक्षिणी कृष्णापुरी में शिवकुमार त्यागी अपने मकान की छत पर मोबाइल टावर लगवाने का कार्य कर रहे हैं, जबकि मकान की स्थिति ऐसी नहीं है कि यहां पर टावर लगाया जा सके, ये भविष्य में बड़े खतरे का उत्पन्न कर सकता है। इसमें 24 जून 2026 को मौहल्ले के लोगों ने प्रशासन और मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। इसके बाद प्रदर्शन और हंगामा भी हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला संभाला था और टावर लगाने का कार्य रोक दिया था।

मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद नगर पालिका ने भी जांच की, इसमें भी कोई वैध अनुमति नहीं होने और मकान जर्जर होने की रिपोर्ट पालिका ने दी थी। इसके बाद कुछ दिन मामला ठंडा रहने के बाद फिर से कार्य शुरू करने पर रविवार की सुबह लोगों का आक्रोश बढ़ गया और वो अपने ही घरों के बाहर धरने पर बैठ गये। भाजपा नेता व वार्ड सभासद ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के साथ ही नगरपालिका जांच कर चुकी है, शिवकुमार त्यागी अवैध रूप से लोगों का जीवन खतरे में डालते हुए मोबाइल टावर लगवा रहे हैं, जो निंदनीय है, इसमें पुलिस प्रशासन से टावर हटवाने और कानूनी कार्यवाही कराने की मांग की गई है।

प्रदर्शन और धरने पर सभासद राजीव शर्मा के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता शालू सैनी, शिवकुमार बंसल, प्रदीप शर्मा, कैप्टन प्रदीप वशिष्ठ, भूपेन्द्र शर्मा, अरविन्द कुमार, रवि धीमान, रामकुमार शर्मा, सुभाष शर्मा, अंकुर, अमित वर्मा, मुकुल गोयल, जोनी आर्य, नरेश बंसल, अजय शर्मा, वरूण कुमार, कुलदीप, गीता, शशि गर्ग, रतनमाला, मन्जू शर्मा, बीना, सुदेश, अनीता, राजरानी सैंकड़ों महिला एवं पुरुष शामिल रहे।
