ककरौली पुलिस ले रही थी जेसीबी की ‘एंट्री’ फीस, थाने का ड्राइवर निलंबित

ऑडियो वायरल होने के बाद एसएसपी संजय वर्मा ने मामले की जांच के दिए आदेश, वायरल ऑडियो में एसओ को पैसे देने और रात में जेसीबी चलाने की ‘एंट्री का दावा

मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र में रात के समय जेसीबी चलाने की ‘एंट्री’ फीस के नाम पर कथित वसूली से जुड़ा ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल ऑडियो में ककरौली थाने के ड्राइवर सिपाही प्रवीण कुमार और जेसीबी संचालक के बीच पैसों को लेकर बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी संजय वर्मा ने ककरौली थाने के ड्राइवर सिपाही प्रवीण कुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों में भी हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के आवास पर मंत्री कपिल देव ने की सभासदों के साथ मीटिंग

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर जेसीबी संचालक और सिपाही के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। बातचीत में रात के समय जेसीबी चलाने के लिए ‘एंट्री’ देने और इसके बावजूद मशीन की चाबी मांगे जाने का जिक्र किया जा रहा है। बातचीत में एसओ को पैसे देने की बात भी कही जा रही है। ऑडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर कह रहा है कि रात में जेसीबी चलाने के लिए तय रकम के अनुसार ‘एंट्री दी जा रही थी और पिछले करीब आठ दिनों से काम चल रहा था। इसके बावजूद मशीन की चाबी मांगने और कार्रवाई की धमकी दिए जाने की बात कही गई। बातचीत में खनन संबंधी कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाने की धमकी का भी उल्लेख किया गया है।

इसे भी पढ़ें:  गुड़ की आवक में कमी से व्यापारी चिंतित, माफियाओं पर कार्रवाई की मांग

वायरल बातचीत में सिपाही कथित तौर पर युवक को एसओ से अभद्रता नहीं करने की बात कहता सुनाई दे रहा है। इसमें यह भी कहा जा रहा है कि चाबी नहीं देने और कथित अभद्रता के कारण मामला बिगड़ गया तथा अब मामला उसके हाथ से निकल चुका है। वहीं, युवक की ओर से मशीन को पुलिस के कब्जे में नहीं रहने देने की बात कही जा रही है। मामले में पुलिस की ओर से वाहन चढ़ाने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की बात भी सामने आई है। इसी प्रकरण से संबंधित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। ऑडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू करा दी है।

इसे भी पढ़ें:  20 हजार का इनामी पशु लुटेरा पुलिस मुठभेड़ में घायल
Share This Article