उद्यमियों ने परिवारों के साथ ‘हनुमान अंश’ फिल्म का लिया आनंद, फिल्म के कलाकार ने भेजा वीडियो संदेश
मुजफ्फरनगर। फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से पहली बार उद्यमियों एवं उनके परिवारों के लिए फैमिली मूवी शो एवं गेट-टुगेदर कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रैंड प्लाजा मॉल स्थित मूवी हॉल में शाम चार बजे पूरा हॉल बुक कर ‘हनुमान अंश’ फिल्म का सामूहिक प्रदर्शन कराया गया। फेडरेशन के सदस्य अपने परिवारों सहित बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।

फेडरेशन के सचिव अभिषेक अग्रवाल ने इस विशेष कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आध्यात्मिक संत नीम करौरी बाबा के जीवन, व्यक्तित्व और विचारों पर आधारित फिल्म ने दर्शकों को मनोरंजन के साथ प्रेरणादायक आध्यात्मिक संदेश भी दिया। फिल्म के बाद सभी सदस्य मीट टू गेदर कार्यक्रम में भी शामिल रहे। इस दौरान परिवारों ने आपस में मेलजोल बढ़ाया और साथ समय बिताया।
फेडरेशन के अध्यक्ष नीलकमल पुरी, सचिव अभिषेक अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष आशीष बंसल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य व्यस्त व्यावसायिक जीवन के बीच सदस्यों और उनके परिवारों को साथ समय बिताने तथा आपसी सौहार्द बढ़ाने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे पारिवारिक एवं फेलोशिप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि फेडरेशन ने फिल्म की पूरी टीम, निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी और मुख्य कलाकारों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया था, लेकिन लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पूर्व निर्धारित मुलाकात के कारण टीम मुजफ्फरनगर नहीं पहुंच सकी। फिल्म के मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्य ने वीडियो संदेश के माध्यम से फेडरेशन परिवार को शुभकामनाएं दीं और उपस्थित न हो पाने पर खेद जताया। सदस्यों ने फेडरेशन की इस पहल की सराहना की।
