खतौली। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ के तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज रवापुरी सठेड़ी में जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से करीब 70 छात्र-छात्राओं ने संस्कृत गीत एवं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में शारदेन पब्लिक स्कूल मुजफ्फरनगर की छात्रा मान्या वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केके पब्लिक स्कूल खतौली की निर्झरा शर्मा द्वितीय तथा सरशादी लाल इंटर कॉलेज मंसूरपुर की सोया तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में जवाहरलाल नेहरू स्मृति इंटर कॉलेज रवापुरी सठेड़ी की रितिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। जनता इंटर कॉलेज पचैड़ा की कशिश ने द्वितीय और सुखदेव इंटर कॉलेज शुक्रताल के रचित मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सांत्वना पुरस्कार गुरुकुल संस्कृत माध्यमिक विद्यालय शुक्रताल के लक्की चौहान, सरशादी लाल इंटर कॉलेज मंसूरपुर की तमन्ना, सुखदेव संस्कृत विद्यालय के हिमिर शर्मा, जय भारत इंटर कॉलेज छपार की इशरत, वैदिक पुत्री की मुबस्सिर खातून तथा सरशादी लाल मंसूरपुर की विनी को प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव और विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य विकास कुमार काकरान ने विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। हरिकेश यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालयों में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित होने चाहिए। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ वृक्षारोपण, जल संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी ज्योति मोहन गोयल ने की। प्रबंधक सचिन कुमार आर्य तथा प्रधानाचार्य चंद्र मोहन शर्मा ने अतिथियों का स्वागत कर आभार जताया। निर्णायक मंडल में सरस्वती आर्य, अर्चना आर्य, राजदुलारी एवं मंजू त्यागी रहीं। संचालन कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मनुराधा और रविंद्र शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
