मुजफ्फरनगर-विश्वकर्मा जयंती समारोह को लेकर समाज में फिर तकरार

डीएम तक पहुंची अवैध चंदा उगाही की शिकायत, विश्वकर्मा चौक समिति ट्रस्ट ने दूसरे संगठन पर लगाया आयोजन के नाम पर चंदा वसूली का आरोप

मुजफ्फरनगर। विश्वकर्मा जयंती समारोह के आयोजन को लेकर विश्वकर्मा समाज में एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। विश्वकर्मा चौक समिति ट्रस्ट की ओर से जिलाधिकारी को शिकायत देकर एक संगठन पर विश्वकर्मा जयंती समारोह के नाम पर कथित रूप से अवैध चंदा उगाही करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में आयोजन के लिए दी गई अनुमति को निरस्त करने तथा मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।

विश्वकर्मा चौक समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष और भाजपा नेता जगदीश पांचाल मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से मिलकर उनको एक पत्र सौंपा गया। ट्रस्ट की ओर से दिए गए पत्र में बताया गया है कि विश्वकर्मा चौक समिति ट्रस्ट एक पंजीकृत संस्था है, जिसका पंजीकरण वर्ष 2021 में कराया गया था। पत्र के अनुसार, पूर्व में विश्वकर्मा जयंती समारोह के आयोजन को लेकर समिति और अन्य लोगों के बीच विवाद सामने आ चुका है।

इसे भी पढ़ें:  सदर तहसील में भाकियू तोमर की हुंकार भ्रष्टाचार और अवैध कब्जे के खिलाफ अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ’’भगवान विश्वकर्मा शोभायात्रा समिति’’ के नाम से मुकेश धीमान गालिबपुर और कुछ अन्य लोगों द्वारा विश्वकर्मा जयंती समारोह के आयोजन के लिए चंदा वसूली की जा रही है। ट्रस्ट ने इसे अनधिकृत बताते हुए कहा है कि विश्वकर्मा चौक समिति ट्रस्ट के नाम से कार्यक्रम आयोजित करने और चंदा एकत्र करने का अधिकार उसके पदाधिकारियों को ही है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2025 में जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थनापत्र के बाद संबंधित कार्यक्रम की अनुमति के संबंध में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई हुई थी। ट्रस्ट का दावा है कि इसके बावजूद इस वर्ष भी शोभायात्रा समिति के नाम से चंदा उगाही की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में रोहाना तिराहा सड़क हादसा, ई-रिक्शा सवार महिलाएं घायल

ट्रस्ट अध्यक्ष जगदीश पांचाल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि विश्वकर्मा जयंती समारोह के आयोजन के लिए दी गई अनुमति की जांच कर उसे निरस्त किया जाए तथा कथित अवैध चंदा उगाही पर रोक लगाई जाए। साथ ही, शिकायत में कहा गया है कि भविष्य में विश्वकर्मा जयंती से संबंधित कार्यक्रम के लिए विश्वकर्मा चौक समिति ट्रस्ट को ही अधिकृत किया जाए। बता दें कि पहले भी विश्वकर्मा जयंती को लेकर समाज के लोगों में काफी विवाद सड़क पर आया था और अब समारोह को लेकर सामने आए इस विवाद से विश्वकर्मा समाज में एक बार फिर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। डीएम से मुलाकात करने वालों में जगदीश पांचाल के साथ मुख्य रूप से रविन्द्र पांचाल, देशपाल पांचाल, आचार्य सतीश विश्वकर्मा, बिजेन्द्र धीमान, पवन पांचाल, राजीव कुमार, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  आईएमए मुज़फ्फरनगर में डॉ. यश अग्रवाल अध्यक्ष, डॉ. अभिषेक सचिव बने
Share This Article