मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित अभद्र और भड़काऊ टिप्पणी करने वालीं हुदा जरीवाला गिरफ्तार

सहारनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हटाए जाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित अभद्र और भड़काऊ टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को गिरफ्तार कर लिया। थाना सदर बाजार पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद शांतिभंग की धाराओं में चालान किया गया है।

एसएसपी अभिन्दन ने बताया कि अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की तहरीर के आधार पर हुदा जरीवाला के खिलाफ किया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और कथित टिप्पणी की जांच की जा रही है। उन्हें गिरफ्तार कर शांतिभंग में चालान किया गया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।बता दे कि अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि दिल्ली निवासी हुदा जरीवाला ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हटाए जाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया और सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अशोभनीय एवं भड़काऊ टिप्पणी की। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही गई है। वीडियो में मुख्यमंत्री के साथ जिलाधिकारी के खिलाफ भी कथित टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में कथित टिप्पणियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  रक्षाबंधन पर अग्निवीर बनने को जमकर दौड़े मुजफ्फरनगर के युवा

अधिकारियों के मुताबिक, वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें कही गई बातों और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। विगत दिवस सर्किट हाउस में सपा प्रतिनिधिमंडल के साथ जाने को लेकर हुदा जरीवाला की पुलिसकर्मियों से बहस हुई थी। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें मौके से हटाने का प्रयास किया, जिस पर कथित तौर पर विवाद बढ़ गया और हंगामे जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित टिप्पणी से संबंधित शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया और उन्हें शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में इंटर मीडिया पर वायरल वीडियो समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हुदा जरीवाला पूर्व में लंदन के एक मीडिया संस्थान में एंकर के रूप में कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में वह स्वयं को सामाजिक कार्यकर्ता बताती हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  बारिश की मार: रसोई का बिगड़ा बजट, प्याज और हरी सब्जियों के दाम पहुंचे आसमान पर
Share This Article