युवा उद्यमियों ने आरजी पेट्रोडाइन में समझी उत्पादन प्रक्रिया, ऋषिकेश में अनुभवों का किया आदान-प्रदान
मुजफ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुजफ्फरनगर की युवा विंग ने युवा उद्यमियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली से रूबरू कराने और आपसी संपर्क व सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से हरिद्वार में औद्योगिक भ्रमण एवं दो दिवसीय प्रवास का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा विंग के कैप्टन अनमोल अग्रवाल ने किया।
युवा उद्यमियों ने हरिद्वार स्थित आरजी पेट्रोडाइन का भ्रमण कर उत्पादन प्रक्रिया, कारखाने की कार्यप्रणाली और व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी ली। भ्रमण की व्यवस्था आईआईए हरिद्वार के चेयरमैन राहुल शर्मा के सहयोग से हुई। आरजी पेट्रोडाइन के डायरेक्टर एवं आईआईए हरिद्वार के सदस्य मानिक मोदी ने उद्यमियों को विभिन्न उत्पादन प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

इस दौरान आईआईए हरिद्वार के पदाधिकारियों ने मुजफ्फरनगर से पहुंचे युवा उद्यमियों के साथ उद्योग जगत से जुड़े अनुभव साझा किए। संवाद के दौरान दोनों जिलों के उद्यमियों के बीच व्यावसायिक संपर्क और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। औद्योगिक भ्रमण के बाद ऋषिकेश स्थित नीरज रिसोर्ट में रात्रि प्रवास किया गया। यहां व्यवसायिक चर्चा के साथ तैराकी, व्यवसाय आधारित तंबोला और अन्य गतिविधियां आयोजित हुईं। इनसे युवा उद्यमियों को आपसी अनुभव साझा करने और नए विचारों से सीखने का अवसर मिला।
वापसी के दौरान युवा उद्यमियों ने सप्तऋषि आश्रम रोड स्थित अजरानंद अंध विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने दृष्टिबाधित बच्चों से मुलाकात कर उनकी शिक्षा और आवश्यकताओं की जानकारी ली। युवा विंग की ओर से विद्यालय को आर्थिक सहयोग भी दिया गया। युवा उद्यमियों ने कहा कि आयोजन से उद्योग की व्यावहारिक जानकारी मिलने के साथ नए व्यावसायिक संबंध बनाने और आपसी एकजुटता बढ़ाने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने आयोजन के लिए कैप्टन अनमोल अग्रवाल और औद्योगिक भ्रमण में सहयोग के लिए आईआईए हरिद्वार के चेयरमैन राहुल शर्मा का आभार जताया। इस अवसर पर आईआईए मुजफ्फरनगर के सचिव राहुल मित्तल, कोषाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल, पब्लिक रिलेशन कमेटी चेयरमैन राज शाह, अर्णव अग्रवाल, अधिवक्ता तुषार गुप्ता, अनमोल गर्ग, प्रेरक जैन, कृष्णा गर्ग, स्पर्श अग्रवाल, मृदुल भाटिया, मयंक मित्तल, कश सिंगल, कार्तिक जलौत्रा और कार्तिक मित्तल सहित युवा उद्यमी मौजूद रहे।
