मुजफ्फरनगर में मां-बेटे की संदिग्ध जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत

शांति नगर में पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद, बेटे के जहर खाने के बाद मां ने भी निगला जहरीला पदार्थ; अस्पताल में दोनों ने तोड़ा दम

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के शांति नगर में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के मां-बेटे की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बेटे का अपनी मां से पैसे मांगने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान बेटे ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर मां ने भी कथित तौर पर वही पदार्थ निगल लिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार सोमवार 14 सितंबर 2026 की शाम करीब 5रू45 बजे जिला अस्पताल से नई मंडी पुलिस को दो मृतक मेमो प्राप्त हुए। मृतकों की पहचान शांति नगर निवासी सुशीला पत्नी दयाराम शर्मा (करीब 80 वर्ष) और उनके पुत्र जितेंद्र शर्मा पुत्र दयाराम (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है। जितेंद्र अविवाहित बताया गया है। परिजनों से प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि जितेंद्र अपनी मौसी से पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर उसकी मां ने उसे डांट दिया, जिसके बाद उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर मां ने भी कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें:  युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, भाई-बहन सहित नौ नामजद

पहले अविवाहित बेटे और फिर मां ने खाया जहरीला पदार्थ, अस्पताल में तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलते ही नई मंडी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस को मौके से सल्फास की गोली का रैपर भी मिला है। हालांकि दोनों ने वास्तव में सल्फास या कोई अन्य जहरीला पदार्थ खाया था, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  हाउस अरेस्ट के बावजूद सहारनपुर पहुंचे सांसद हरेंद्र मलिक

मूल रूप से शामली का निवासी है परिवार, पीएम न कराने पर अड़े परिजन

बताया गया है कि मृतक परिवार मूल रूप से शामली कस्बे का रहने वाला था और बाद में मुजफ्फरनगर आकर बस गया था। परिवार शांति नगर के गेट नंबर-दो के पास अरोहा इंटर कॉलेज के समीप रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक के छोटे भाई की पत्नी अधिवक्ता सुधा शर्मा भी परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचीं। परिजनों ने पुलिस के समक्ष फिलहाल किसी तरह की कार्रवाई नहीं किए जाने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे प्रथम दृष्टया पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस परिजनों को पोस्टमार्टम कराने के लिए समझा रही थी, लेकिन परिजन कोई भी कार्यवाही नहीं करने की बात पर अड़े हुए थे।

इसे भी पढ़ें:  स्कूल वाहनों पर सख्तीः एआरटीओ ने दो दिन में 14 वाहन किए सीज, 12 लाख से अधिक जुर्माना
Share This Article