17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे सेवा, जागरूकता, सांस्कृतिक और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम, 17 सितंबर को प्रातः 11 बजे सोल्जर बोर्ड में रक्तदान शिविर और शाम 7 बजे लाभार्थियों के घरों पर आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम होगा
मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क, सेवा कार्य, सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मुजफ्फरनगर के भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी को एक माह तक चलने वाले इस कार्यक्रम का पत्रक भेजकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी पवन अरोरा ने बताया कि इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर जिले के लिए 13 प्रमुख कार्यक्रमों का कार्य विभाजन करते हुए जनप्रतिनिधियों, संयोजकों और सहसंयोजकों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। इसी कडी में सर्वप्रथम 17 सितंबर, गुरुवार को प्रातः 11 बजे सोल्जर बोर्ड में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा और शाम 7 बजे लाभार्थियों के घरों पर आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम होगा। भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार अभियान का उद्देश्य अधिकतम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना, सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना, जमीनी स्तर पर गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन करना तथा सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रमों को व्यापक रूप से प्रचारित करना है। जिला कार्यशाला भी अभियान की तैयारियों के तहत आयोजित की गई है। अभियान के अंतर्गत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम 17 सितंबर की शाम बूथ स्तर पर लाभार्थी परिवारों के घर आयोजित होगा। इसके लिए नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप को जनप्रतिनिधि, संजय गर्ग को संयोजक तथा आंचल तोमर को सहसंयोजक बनाया गया है।
‘सपनों का भारत’ के तहत 17 से 27 सितंबर तक सरकारी और निजी विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें पूर्व विधायक अशोक कंसल जनप्रतिनिधि की भूमिका में रहेंगे। संयोजक विशाल गर्ग बनाए गए हैं। सहसंयोजक रविकांत प्रधान, पवन अरोरा व अजय सागर होंगे। इसी प्रकार ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के लिए राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल को जनप्रतिनिधि जिम्मेदारी दी गई है। संयोजक रोहतास पाल, सहसंयोजक अनुज सहरावत बनाए गए।
‘आंगन उत्सव’ के माध्यम से 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ताओं का सम्मान और महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस कार्यक्रम में भी कपिल देव अग्रवाल जनप्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। संयोजक अंजलि चौधरी, सहसंयोजक प्रमेश सैनी होंगे। ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शक्ति केंद्रों पर सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को वीडियो और रील के माध्यम से सामने लाया जाएगा। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 कहानियां तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें जनप्रतिनिधि गौरव पंवार, संयोजक श्याम रहेजा, सहसंयोजक पुरोहित उटवाल होंगे।
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के माध्यम से प्रभावशाली परिवर्तन स्थलों पर डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इसके लिए उमेश मलिक को जनप्रतिनिधि और जोगेंद्र गुर्जर को संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। सहसंयोजक दिनेश पुंडीर होंगे। वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ 7 अक्टूबर को जिले के विभिन्न गांवों से निकलकर निर्धारित स्थान पर पहुंचेगी। इसमें पूर्व विधायक उमेश मलिक जनप्रतिनिधि तथा सुनील दर्शन संयोजक व सह संयोजक सचिन त्यागी के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। यात्रा में सेवा ज्योति के साथ ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जनप्रतिनिधि प्रमोद उटवाल, संयोजक जोगेंद्र गुर्जर, सहसंयोजक पंकज माहेश्वरी होंगे। ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत नागरिकों को अपनी पसंद के सेवा कार्य में कम से कम 25 मिनट का योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसमें रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, महिला स्वास्थ्य, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता और सरकारी योजनाओं की जानकारी जैसे कार्य शामिल हैं। इसमें जनप्रतिनिधि डाक्टर वीरपाल निर्वाल, संयोजक ममता अग्रवाल, सहसंयोजक सर्वेश त्यागी होंगे।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ब्लॉक स्तर पर सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल को जनप्रतिनिधि बनाया गया है। संयोजक विजय प्रजापति, सह संयोजक सुरेंद्र कश्यप होंगे। ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम 17 अक्टूबर को चयनित प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर आयोजित होगा। इसमें विशाल मानव रंगोली के माध्यम से भारत, स्थानीय परंपरा, संस्कृति, विकास और विकसित भारत-2047 की परिकल्पना प्रदर्शित की जाएगी। इसमें जनप्रतिनिधि एम एल सी वंदना वर्मा, संयोजक श्वेता कौशिक, सह संयोजक विनीत चौहान होंगे।
‘राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज’ के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप, प्रोफेशनल और नवाचार से जुड़े लोगों को मंच प्रदान किया जाएगा। इसके बाद अभियान के अंतिम चरण में ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में सरपंच और जनप्रतिनिधि एकत्र होकर सेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्मान तथा विकसित भारत का संकल्प लेंगे। इसमें जनप्रतिनिधि सपना कश्यप, संयोजक विनीत कात्यान, सहसंयोजक अमरजीत गुर्जर को बनाया गया है। जनसेवा महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, संयोजक वंदना वर्मा व सहसंयोजक हरीश अहलावत को बनाया गया है। भाजपा नेतृत्व का जोर है कि अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर सेवा, सामाजिक सहभागिता, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और विकसित भारत-2047 के संकल्प को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बने। जिले में निर्धारित 13 कार्यक्रमों को इसी उद्देश्य से व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
