मुजफ्फरनगर-बुजुर्ग की मौत पर गांव खरड़ में पंचायत, पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक

परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप, आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इंकार, कश्यप समाज की पंचायत में मान मनौवल करते रहे पुलिस अफसर, खाप चौधरी ने दी पुलिस प्रशासन को चेतावनी

मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खरड़ में 70 वर्षीय जयसिंह की कथित मारपीट के बाद हुई मौत को लेकर बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कश्यप समाज के लोग गांव में एकत्र हो गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पंचायत शुरू कर दी। पंचायत के दौरान हंगामा हुआ और पुलिस के साथ लोगों की नोकझोंक व झड़प की स्थिति भी बनी। कई घंटे तक चले घटनाक्रम के चलते गांव में पुलिस बल तैनात रहा।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-रतनलाल आज भी नहीं भूले मुस्लिमों की आंखों के वो आंसू

बताया गया कि मंगलवार को जयसिंह के साथ कुछ दबंग लोगों ने कथित रूप से लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई थी। घटना से संबंधित एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसमें सिरका बेचते बुजुर्ग के साथ मारपीट का घटनाक्रम दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। मारपीट के बाद बुजुर्ग की हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद से ही कश्यप समाज में आक्रोश बना हुआ था। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद बुधवार को जयसिंह का शव परिजनों को सौंपा गया। परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे, लेकिन उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचकर उनकी बात नहीं सुनते तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा नहीं दिया जाता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  कार्यकर्ताओं का उत्साह, ऊर्जा और समर्पण अत्यंत प्रेरणादायकः कपिल देव अग्रवाल

इसके बाद गांव में कश्यप समाज के लोगों की बड़ी पंचायत शुरू हो गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग पंचायत स्थल पर पहुंच गए। पंचायत में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई। कुछ लोगों ने आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर तथा उनके मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी रखी। हालांकि पुलिस-प्रशासन की ओर से मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।

पंचायत की सूचना पर सीओ फुगाना नरेन्द्र यादव और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पंचायत कर रहे लोगों और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई तथा धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए कहा कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और तहरीर के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  32 लाख का खेल! सहारनपुर में बिजली विभाग का बड़ा गबन, 6 कर्मचारी निलंबित

पुलिस अधिकारियों और समाज के लोगों के बीच काफी देर तक वार्ता चलती रही, लेकिन परिजन और पंचायत में मौजूद लोग जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में ही वे अपनी मांगें रखेंगे और इसके बाद ही अंतिम संस्कार के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। पंचायत में कश्यप समाज के खाप चौधरी डॉ. सोनू कश्यप, प्रवेश प्रधान कश्यप, चुन्नू मास्टर, सुरेश कश्यप, एमएलसी ओम प्रकाश कश्यप, प्रमोद कश्यप, समाजसेवी सचिन कश्यप सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। पंचायत के दौरान लोगों ने बुजुर्ग की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

Share This Article