भाकियू का बिगुल-जीआईसी मैदान में मजदूर-किसान महापंचायत, यातायात पर लगी पाबंदी

गुरूवार की शाम चार बजे से शुरू होकर सुबह पांच बजे तक चलेगी पंचायत, ट्रैक्टरों से पहुंचेंगे किसान, रागिनी और पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां होंगी

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के तत्वावधान में 17 सितंबर को जीआईसी मैदान, महावीर चौक स्थित सर्कुलर रोड पर विशाल मजदूर-किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। पंचायत शाम चार बजे से शुरू होकर अगले दिन सुबह पांच बजे तक चलेगी। संगठन के अनुसार, पहली बार महापंचायत का आयोजन रात के समय किया जा रहा है।

जिला मीडिया प्रभारी हेमेन्द्र कुमार ने बताया कि महापंचायत में शामिल होने वाले किसान ट्रैक्टरों से पहुंचेंगे। बारिश से बचाव के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर झोपड़ी बनाकर लाने की व्यवस्था की जा रही है। इस बार भंडारे की व्यवस्था के बजाय प्रत्येक किसान साथी अपने साथ दो अन्य साथियों के लिए घर में उपलब्ध भोजन लेकर आएगा।

इसे भी पढ़ें:  सनातन पर टिप्पणी करने वालों को जूता लेकर ठीक करेंः मंहत राजूदास

उन्होंने बताया कि जीआईसी मैदान में ट्रैक्टरों की संख्या अधिक होने पर सड़क के दोनों ओर ट्रैक्टर खड़े कराने की व्यवस्था की जा रही है। महापंचायत को लेकर किसानों और संगठन के पदाधिकारियों में खासा उत्साह है। संगठन का दावा है कि मुजफ्फरनगर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता महापंचायत में पहुंचेंगे। महापंचायत में रागिनी और पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां भी होंगी। आयोजकों ने बताया कि किसानों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

पुलिस-प्रशासन हुआ अलर्ट, यातायात व्यवस्था में बदलाव

महापंचायत को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यातायात पर भी गुरूवार को पाबंदी लागू कर दी गई है। एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे ने बताया कि यातायात पुलिस ने भी 17 सितंबर को शाम चार बजे से शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। एसडी तिराहे से जानसठ फ्लाईओवर के नीचे बरगद के पेड़ (महावीर चौक) की ओर रोडवेज बस, कार, बाइक सहित अन्य वाहनों का आवागमन शाम चार बजे से प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज बसों को एसडी तिराहे से रोडवेज बस अड्डा-प्रकाश चौक होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  यूपी में नौकरी पाने को अब सिफारिश की जरूरत नहींः योगी

प्रकाश चौक से भारी वाहन और बसों को महावीर चौक की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। टिकैत चौक से महावीर चौक की ओर दोपहिया और चार पहिया वाहन ही जा सकेंगे, जबकि ई-रिक्शा, रोडवेज व निजी बसों तथा अन्य भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मिनाक्षी चौक से भी भारी वाहनों को महावीर चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। सुझड़ू चुंगी से भी महावीर चौक की ओर आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। महावीर चौक से सर्कुलर रोड, एटूजेड फाटक चौराहे तक आने वाला बाईपास मार्ग बंद रहेगा और सर्कुलर रोड पर दाहिनी ओर से यातायात संचालित किया जाएगा। यातायात पुलिस ने आमजन से महावीर चौक और सर्कुलर रोड से बचते हुए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।

इसे भी पढ़ें:  पहले प्रयास में सीए फाइनल पास कर इशिका जैन ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
Share This Article