स्वच्छ कुण्ड पर जलाये जायेंगे 11 हजार आशीर्वाद दिए

-प्रधानमंत्री के जन्म दिन 17 सितंबर से एक माह तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर को श्री जाहरवीर गोगा महाड़ी परिसर स्थित स्वच्छ कुण्ड पर 11 हजार आशीर्वाद दिए जलाये जायेंगे। इसके अतिरिक्त मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, काशीराम कालोनी तथा रेलवे स्टेशन पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा के चारों ओर भी बड़ी संख्या में आशीर्वाद दिए जलाकर राष्ट्र समृद्धि की कामना की जायेगी। नगर निगम के मां शाकंभरी सभाकक्ष में महापौर डॉ.अजय कुमार की अध्यक्षता में निगम अधिकारियों के साथ हुयी एक बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। इस अवसर पर महापौर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलायी।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके जन्म दिन 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक ‘‘स्वच्छता ही सेवा 2026’’, ‘‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत विकसित भारत’’, ‘‘सेवा संकल्प’’ और ‘‘आशीर्वाद का दिया’’ अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेना है। अभियान की शुरुआत पर 17 सितंबर की शाम 7 बजे प्रमुख व धार्मिक स्थलों और घरों में ‘‘आशीर्वाद का दीया’’ (दीपोत्सव) जलाकर सहभागिता करते हुए की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कल अभियान के शुभारंभ दिवस पर मौहल्ला समिति एवं जनप्रतिनिधियों को साथ लेते हुए समस्त वार्डो में श्रमदान किया जायेगा और स्वच्छता शपथ दिलायी जायेेगी। इसके अलावा समस्त वार्डो में सफाई अभियान भी चलाया जायेगा। शाम को सात बजे महानगर के पांच प्रमुख स्थलों श्रीगोगा महाड़ी स्थित स्वच्छ कुण्ड, मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, काशीराम कालोनी तथा रेलवे स्टेशन पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा के चारों ओर भी बड़ी संख्या में आशीर्वाद दिए प्रज्वलित किये जायेंगे।
उन्होंने बताया कि इस एक माह के अभियान का प्रधानमंत्री का उद्देश्य गरीबों व लोककल्याण तथा राष्ट्र निर्माण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है ताकि आम लोगों के जीवन में बदलाव आ सके। उन्होंने लोगों से घर-घर, दर-दर एक दिया जलाने की अपील करते हुए कहा, ‘‘जिसने देश/जीवन का जीवन संवारा, उसको हैं आशीर्वाद हमारा’’ की भावना के साथ दीप प्रज्वलित करते हुए राष्ट्र की समृद्धि की कामना करें। उन्होंने उक्त कार्यक्रमों में समस्त जनप्रतिनिधियों, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं अधिकारियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
नगरायुक्त शिपू गिरि ने निगम अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत नालों एवं समस्त वार्डो में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पेड़ों की कंटाई-छंटाई आदि करने के निर्देश दिए। उन्होंने कल आयोजित होने वाले पांचों स्थलों पर भी विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़ें:  थाना कुतुबशेर पुलिस ने मुठभेड़ में दो आरोपियों को दबोचा, तीसरा फ़रार 
Share This Article