प्रधान पुत्र हत्याकांड का खुलासा, जीजा-साला मुठभेड़ में गिरफ्तार

रात के अंधेरे में चोर समझकर की गई थी रोहन से मारपीट, मृतक की आर-15 बाइक, स्मार्टवॉच और एप्पल मोबाइल बरामद; वारदात में प्रयुक्त कार और दो तमंचे भी मिले

मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव हरेटी के प्रधान विवेक राठी के इकलौते पुत्र रोहन राठी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे जीजा-साले नाजिम और शावेज को भैंसानी पुल के नीचे हुई मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से मृतक की आर-15 बाइक, स्मार्टवॉच और एप्पल मोबाइल फोन के अलावा वारदात में प्रयुक्त टोयोटा कोरोला एल्टिस कार, दो तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद की गई है। आरोपियों पुलिस को बताया है कि उन्होंने रात्रि के समय मिलने पर चोर समझकर रोहन की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई, शव को वो वहीं छोड़कर फरार हो गये। हालांकि पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस के अनुसार, पुरकाजी पुलिस की टीम हत्याकांड के खुलासे के लिए भैंसानी पुल के नीचे संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान भैंसानी की ओर से एक कार और एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रुकने का इशारा किया तो चालक वाहनों को तेजी से वापस मोड़ने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जबकि कार पीछे करते समय सड़क किनारे पड़ी ईंटों में फंसकर रुक गई। पुलिस का कहना है कि इसके बाद मोटरसाइकिल और कार सवार दोनों व्यक्ति अपने वाहन छोड़कर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपी घायल हो गए। उनकी पहचान नाजिम पुत्र मुजफ्फर हुसैन और शावेज पुत्र इफजुर रहमान के रूप में हुई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रोहन राठी की आर-15 बाइक, स्मार्टवॉच और एप्पल मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त टोयोटा कोरोला एल्टिस कार, दो तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 1070 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के कारण और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।

इसे भी पढ़ें:  यूपी में एसआईआर फॉर्म भरने की तारीख एक सप्ताह बढ़ी

परिजनों के साथ स्कूल जाते बच्चों ने देखा था शव

गुरुवार सुबह सलेमपुर गांव से कुछ बच्चे अपने परिजनों के साथ हरेटी गांव स्थित स्कूल जा रहे थे। रास्ते में खेत के पास युवक का शव पड़ा देखकर बच्चों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान हरेटी गांव के प्रधान विवेक राठी के इकलौते पुत्र रोहन राठी के रूप में की थी। परिजनों के अनुसार, रोहन बुधवार शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह भोपा थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा निवासी अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहा है। यह दोस्त परिवार का रिश्तेदार भी बताया गया। रात करीब 11 बजे तक रोहन के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन किया। रोहन ने फोन पर बताया था कि वह वहीं रुक गया है और सुबह घर लौटेगा। इसके बाद सुबह उसका शव खेत के पास मिला।

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर में कंटेनर की टक्कर से कांवड़िए की मौत

हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने लगाया था जाम

रोहन की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव के साथ सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा ने हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की थीं। एसपी सिटी अमृत जैन के नेतृत्व में चल रही जांच के दौरान पुलिस टीम को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिलने का दावा किया गया है। सीओ सदर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए गठित टीम ने भैंसानी पुल के नीचे चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या की पूरी घटना और उसके पीछे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  अपराधियों को मुजफ्फरनगर पुलिस को न्यू ईयर गिफ्ट, 23 पर लगा गैंगस्टर
Share This Article