रोहन की हत्या के खुलासे पर सवालः एसएसपी से मिले भाकियू और रालोद नेता

नेताओं का दावा-परिजनों को पुलिस के खुलासे पर भरोसा नहीं, पिता ग्राम प्रधान विवेक राठी ने की निष्पक्ष जांच कर अन्य आरोपियों की भूमिका सामने लाने की मांग

मुजफ्फरनगर। हरेटी के ग्राम प्रधान विवेक राठी के इकलौते पुत्र रोहन राठी की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए जाने के बावजूद परिजन पुलिस की कहानी से संतुष्ट नहीं हैं। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन और राष्ट्रीय लोकदल के नेताओं के साथ मृतक के पिता और अन्य परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा से मुख्यालय पहुंचकर उनके कार्यालय में मुलाकात की। उन्होंने मामले की सही-निष्पक्ष और गहन जांच कर हत्याकांड का पूरा सच सामने लाने तथा यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता हो तो उसे भी गिरफ्तार करने की मांग की।

भाकियू के राष्ट्रीय सचिव एवं पुरकाजी नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी एडवोकेट, भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, जाट महासभा के अध्यक्ष ब्रजवीर रसिंह तथा मृतक रोहन के पिता ग्राम प्रधान विवेक राठी समेत अन्य परिजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी संजय वर्मा के सामने हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रम और परिजनों की शंकाएं रखीं।

इसे भी पढ़ें:  मासूम का अपहरण कर कत्ल... संदूक में रजाई के नीचे छिपाया लाश को , ढूंढने का नाटक करता रहा 'कातिल'

भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने बताया कि पुरकाजी पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जहीरपुर गांव जाते समय आरोपियों की कार की रोहन राठी की बाइक से टक्कर हो गई थी। इसके बाद कहासुनी हुई और आरोपियों ने रोहन के साथ मारपीट की। रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी ने बताया कि एसएसपी से मुलाकात के दौरान ग्राम प्रधान विवेक राठी और उनके परिजनों ने अपनी शंकाएं रखीं। परिजनों की मांग है कि पुलिस किसी एक कहानी तक सीमित न रहे और सभी संभावित पहलुओं की जांच करे और इसका पूरा सच सामने लाया जाये। परिजनों का आशंका है कि इसमें और भी लोग शामिल हैं।

मृतक के पिता विवेक राठी और अन्य परिजनों का कहना है कि पुलिस को पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि गिरफ्तार आरोपी ही वारदात में शामिल हैं तो घटनाक्रम के प्रत्येक पहलू को स्पष्ट किया जाए और यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई हो। एसएसपी संजय वर्मा ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच अभी जारी है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में जाट महासभा से ब्रजवीर सिंह, भाकियू मंडल अध्यक्ष मोनू प्रधान, बिट्टू सलेमपुर समेत अन्य लोग भी शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  जहीर फारूकी के संघर्ष को मिली शक्तिः गणतंत्र दिवस पर पुरकाजी में भाकियू का ट्रैक्टर मार्च

लाखों का माल देखकर लालच में फंसे आरोपी, बाइक के साथ सीसीटीवी में कैद

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अल्टोस कार सवार लंढौरा के पास स्थित गांव संघीपुर का निवासी है, जिसकी ससुराल हरेटी से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव जहीरपुर में हैं, वो कार से ससुराल आ रहा था, उसकी कार से आर15 बाइक की टक्कर के बाद रोहन घायल होकर सड़क पर गिर गया था। इसके बाद कार चालक गांव पहुंचा और अपने साले को साथ लेकर वापस घटनास्थल पर आया। पुलिस का दावा है कि उस समय रोहन की सांस चल रही थी। दोनों आरोपियों ने उसका मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया। इसके बाद वे रोहन की बाइक, एप्पल मोबाइल फोन और स्मार्ट घड़ी लेकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने रोहन की बाइक मंगलौर से बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बाइक को ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में भी दिखाई दिए हैं। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। बाद में पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें उन्हें गिरफ्तार किया गया। ज्ञात रहे कि आर15 बाइक करीब दो लाख रुपये की है और एप्पल का फोन व स्मार्टवॉच, करीब तीन-चार लाख रुपये का माल देखकर आरोपी लालच में आ गये।

इसे भी पढ़ें:  77वें गणतंत्र दिवस पर देवी अहिल्याबाई होल्कर चौक पर भव्य ध्वजारोहण
Share This Article