भोपा पुलिस की चेकिंग में मिली वन्यजीव अंगों की खेप, छह किलो वजन के सींग बरामद, तस्करी नेटवर्क की तलाश तेज
मुजफ्फरनगर। वन्यजीवों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भोपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बारहसिंघा हिरन के छह सींगों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद सींगों का कुल वजन करीब छह किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ।उंत न्रंसं
भोपा पुलिस के अनुसार बुधवार को बरला-भोकरहेड़ी मार्ग पर रजवाहे की पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से बारहसिंघा हिरन के छह सींग बरामद हुए। बरामद सींगों का वजन करीब छह किलोग्राम पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार पुत्र मन कुमार निवासी ग्राम योगेंद्रपुर थाना भोपा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की धारा 39, 40, 49, 49बी और 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बारहसिंघा के सींग आरोपी के पास कहां से पहुंचे और इन्हें आगे किसे दिया जाना था। इसके लिए आरोपी के संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि वन्यजीव अंगों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए आरोपी के संपर्कों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सपन चौधरी के अलावा हेड कांस्टेबल सुशील कुमार तथा कांस्टेबल रितिक, अरुण कुमार, प्रमोद कुमार और चेतन शर्मा शामिल रहे।
