भाकियू अराजनैतिक ने की गन्ने का मूल्य 500 रुपये कुंतल घोषित करने की मांग

मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद से धर्मेन्द्र मलिक ने की मुलाकात, ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत भार बढ़ाने और पुराने वाहनों को जबरन स्क्रैप किए जाने पर जताया विरोध

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को लोकभवन में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू विद्युत कनेक्शन का भार बढ़ाने, समयसीमा पूरी कर चुके वाहनों को जबरन उठाकर स्क्रैप किए जाने तथा निजी नलकूपों में चोरी रोकने की मांग उठाई।

इसे भी पढ़ें:  हाईवे पर फर्जी परिवहन अधिकारी बनकर वसूली करने वाले 8 आरोपी दबोचे

संगठन के चेयरमैन बाबा राजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि आगामी गन्ना पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने से ही खेती को लाभकारी बनाया जा सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने बारिश के कारण धान की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग भी रखी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में वैलेंटाइन डे का कड़ा विरोध: क्रांति सेना की चेतावनी- "जहां मिलेंगे बंटी-बबली, तोड़ देंगे हड्डी-पसली"

राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत भार बढ़ाने की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा समयसीमा पूरी कर चुके वाहनों के संबंध में किसानों को राहत देने की मांग की। उन्होंने निजी नलकूपों से विद्युत उपकरणों की चोरी रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने पर भी जोर दिया। धर्मेन्द्र मलिक ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान प्रमुख सचिव संजय प्रसाद ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात भी कही गई। प्रतिनिधिमंडल में भाकियू अराजनैतिक के चेयरमैन बाबा राजेंद्र सिंह मलिक, राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक और शामली गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन ओमवीर सिंह शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  आठ बच्चों की मां प्रेमी संग फरार, आहत पति ने जहर खाकर दी जान
Share This Article