एमएलसी चुनावः मुजफ्फरनगर के सभी स्कूलों में शुक्रवार को अवकाश

मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन का फैसला, प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के शैक्षणिक संस्थान रहेंगे बंद

मुजफ्फरनगर। मेरठ खंड शिक्षक और स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदाताओं को मतदान की सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्था के दृष्टिगत शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को जनपद के सभी स्कूलों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

इसे भी पढ़ें:  नशे की दवाओं के कारोबार की जांच में चार मेडिकल स्टोर को नोटिस

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के आदेश के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा विशेष आकस्मिक अवकाश की व्यवस्था के तहत यह निर्णय लिया गया है। जारी आदेशों में कहा गया है कि जनपद में संचालित प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के समस्त परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड तथा मदरसा बोर्ड के विद्यालयों में 23 अक्टूबर को शिक्षण कार्य बंद रहेगा।

इसे भी पढ़ें:  पंचकुआं के 11 स्टोन क्रेशरों की भंडारण अनुज्ञप्तियां निलंबित

स्कूलों के साथ-साथ जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों पर भी यह आदेश प्रभावी होगा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। एमएलसी चुनाव के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतदान प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

इसे भी पढ़ें:  पुलिस भर्ती पेपर में जातिगत टिप्पणी सनातनियों का अपमान: हरेन्द्र मलिक
Share This Article