सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने को 55 वार्डों में जेएस एनवायरो ने उतारी 15 विशेष टीमें, पांच क्यूआरटी भी तैनात, पालिका प्रशासन ने की दीपावली को स्वच्छता से रोशन करने की तैयारी, फील्ड में निगरानी कर रहे अफसर
मुजफ्फरनगर। त्योहारों के दौरान शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नगरपालिका प्रशासन की निगरानी में निजी क्षेत्र की कंपनी जेएस एनवायरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने सफाई अभियान तेज कर दिया है। दीपावली को स्वच्छता से रोशन करने में जुटे पालिका प्रशासन के साथ कंपनी ने विशेष अभियान शुरू किया है, जिसमें अब शहर में रात के समय भी कूड़े के छोटे-बड़े पॉइंटों की सफाई कार्य किया जा रहा। इसके लिए कंपनी द्वारा 55 वार्डों में 15 विशेष टीमें और पांच क्विक रिस्पांस टीमें (क्यूआरटी) लगाई गई हैं। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, अधिशासी अधिकारी पवन कुमार और कंपनी के एमडी जीवन कुमार उपाध्याय के निर्देशन में यह व्यवस्था शुरू की गई है। इस अभियान की निगरानी के लिए पालिका प्रशासन ने अफसरों की टीम को भी फील्ड में सक्रिय किया है।
ईओ पवन कुमार के अनुसार दीपावली के अवसर पर शहर को स्वच्छ और सुन्दर बनाने के लिए जेएस एनवायरो और पालिका प्रशासन के साथ समन्वित अभियान चलाया जा रहा है। कंपनी की टीमें नियमित सफाई के साथ उन स्थानों पर भी विशेष ध्यान देंगी, जहां आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा जमा हो जाता है। रात्रिकालीन सफाई से त्योहारों के दौरान बाजारों और व्यस्त इलाकों में गंदगी की समस्या कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर नीतेश चौधरी ने बताया कि शाम चार बजे से रात आठ बजे तक विशेष टीमों को सफाई कार्य में लगाया जा रहा है। इसके लिए ट्रैक्टर लोडर, जेसीबी, ट्रैक्टर और डंपर की व्यवस्था की गई है। चालक, सहायक और सुपरवाइजर विशेष टीम के कर्मियों के साथ मिलकर शहर के छोटे कूड़ा पॉइंटों को साफ करेंगे। शहर को गंदगी से मुक्त करने के लिए पारंपरिक कूड़ा डलाव घरों को बंद करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार, पिछले एक साल चार महीने में पालिका प्रशासन के सहयोग से 10 बड़े डलाव घरों और करीब दो दर्जन छोटे-बड़े कूड़ा पॉइंटों को समाप्त किया जा चुका है। जिला अस्पताल, डीएम आवास, सिटी सेंटर, आर्य समाज रोड, अंसारी रोड और नई मंडी क्षेत्र में भी इस दिशा में काम हुआ है। मेरठ रोड पर डीएम आवास के सामने पुराने डलाव घर को बंद कर वहां आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाया गया है।

कंपनी के मुताबिक, शहर में करीब 400 कर्मचारियों के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह और सेकेंडरी पॉइंटों से कचरा उठाने का काम किया जा रहा है। सेवा शुरू होने के एक साल चार महीने बाद नगर पालिका परिषद ने कंपनी के कार्य को संतोषजनक बताते हुए फीडबैक पत्र भी जारी किया है। कंपनी का कहना है कि सफाई व्यवस्था में सुधार और नियमित कूड़ा संग्रह से शहर की स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूती मिली है। जेएस एनवायरो ने दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की है कि वे दुकानों का कचरा सड़कों, नालियों या खाली स्थानों पर न डालें। कूड़ा नगर पालिका की गाड़ी में ही डालें, ताकि बाजारों में गंदगी जमा न हो और सफाई व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
त्यौहारों पर पालिका ने विशेष टीम उतारीः मीनाक्षी स्वरूप
मुजफ्फरनगर को स्वच्छ और सुंदर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। रात्रिकालीन सफाई से उन स्थानों को भी साफ रखने में मदद मिलेगी, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही के कारण कूड़ा जमा हो जाता है। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है। सभी लोग कूड़ा निर्धारित गाड़ी में ही डालें और स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी निभाएं।
विशेष अभियान की निगरानी करेंगे अफसरः पवन कुमार
त्योहारों के मद्देनजर शहर में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की गई है। दिन के साथ रात में भी कूड़ा उठाने और सफाई की व्यवस्था की जा रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसएफआई और एसएफआई को संबंधित टीमों की नियमित निगरानी और कूड़ा पॉइंटों की समय पर सफाई के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों और व्यापारियों से अपील है कि वे खुले में कचरा न डालें तथा नगर पालिका की सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।
