पुरकाजी नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में दिवाली की खास तैयारियों पर पर हुई चर्चा, सभी प्रस्ताव पास, सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाने और नगरीय विकास को चेयरमैन जहीर फारुकी के नेतृत्व में मिली मंजूरी
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी नगर पंचायत की बोर्ड बैठक चेयरमैन जहीर फारुकी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दीपावली की तैयारियों से लेकर नगर के विकास और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मौजूद 14 निर्वाचित और दो मनोनीत सदस्यों ने सभी प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए उन्हें सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
बैठक में दीपावली के मद्देनजर नगर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। चेयरमैन ने त्योहार के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और नगर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। अधिशासी अधिकारी मनीष वर्मा ने सभासदों को आगामी 15 नवंबर से शुरू होने वाली स्व जनगणना तथा इसके बाद होने वाली जनगणना की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन महत्वपूर्ण कार्यों में संबंधित स्तर पर आवश्यक सहयोग और जागरूकता की भूमिका अहम रहेगी।
बैठक में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। नगर पंचायत क्षेत्र के सरकारी स्कूलों की सभी कक्षाओं को स्मार्ट क्लास के रूप में विकसित करने तथा विद्यालयों को पहले से अधिक सुविधासंपन्न बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा नगर में लाइटों, नालियों, सड़कों और अन्य विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में सभासद विकसित उर्फ विक्की, रजनेश, फेहमिदा, निसार अहमद, इशरत जहां, शाहलम गौड़, इस्तखार उर्फ लल्ला, आतिफ खान, शबनम, नदीम अहमद, फरजाना, आजाद फरीदी, आलम कुरैशी, मसरूर खान, रजत गोयल और पप्पू धीमान के अलावा नगर पंचायत लिपिक समर काजमी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
