खतौली। कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर में 17 वर्षीय किशोर को छत से धक्का देकर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता ने शाहपुर निवासी चार लोगों पर बेटे को छत से नीचे धक्का देने का आरोप लगाते हुए खतौली थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगे के कार्रवाई शुरू कर दी।
मोहल्ला इस्लामनगर निवासी इरफान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे फरमान की शादी शाहपुर कस्बा निवासी तसलीम की बेटी नाजमीन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच आपसी तालमेल ठीक नहीं था। छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी।
इरफान के अनुसार, इसी पारिवारिक विवाद के चलते समझौता होने के बाद लड़की पक्ष के लोग मकान की छत से दहेज का सामान नीचे उतार रहे थे। इस दौरान उनका 17 वर्षीय बेटा अनवार भी छत पर मौजूद था। आरोप है कि शाहपुर निवासी तसलीम, तनवीर, शरिम और उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने अनवार को छत से धक्का दे दिया।धक्का लगने से अनवार नीचे जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल किशोर को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल की गंभीर हालत देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। पीड़ित पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
