नेपाल पहुंची मुजफ्फरनगर की राहत सामग्री, अस्मिता भंडारी ने जताया आभार

नेपाल त्रासदी के प्रभावितों के लिए नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप द्वारा चलाया गया था ‘नेपाल हेल्पिंग हैंड अभियान’, चार दिन के सफर के बाद काठमांडू पहुंची राहत सामग्री

मुजफ्फरनगर। पड़ोसी देश नेपाल में आई भीषण त्रासदी से प्रभावित लोगों की मदद के लिए नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की पहल पर चलाए गए ‘नेपाल हेल्पिंग हैंड अभियान’ के तहत एकत्रित राहत सामग्री शुक्रवार को काठमांडू पहुंच गई। युवा भाजपा नेता विकल्प जैन के नेतृत्व में राहत सामग्री लेकर गई टीम ने बनसबरी, काठमांडू में विश्व हिंदू महासंघ अंतर्राष्ट्रीय की अध्यक्ष अस्मिता भंडारी को राहत सामग्री सौंप दी।

राहत सामग्री सौंपने के बाद अस्मिता भंडारी ने टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने संकट की इस घड़ी में नेपाल के साथ खड़े होने और कठिन सफर तय कर राहत सामग्री पहुंचाने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, विकल्प जैन और उनकी टीम तथा मुजफ्फरनगर के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेपाल इस समय गंभीर पीड़ा से गुजर रहा है और प्रभावित लोगों की मदद के लिए सरकार के साथ मिलकर विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  गन्ना वाहनों की ओवरलोडिंग पर सख्त हुआ प्रशासन, एसपी ने बैठक कर दिए सख्त निर्देश

नेपाल में त्रासदी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से नेपाल की मदद के आह्वान को देखते हुए नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने ‘नेपाल हेल्पिंग हैंड अभियान’ शुरू किया था। अभियान में नगरपालिका के सभासदों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जनपद के उद्यमियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया। अभियान के तहत एकत्रित राहत सामग्री से भरे वाहन को 15 सितंबर की सुबह पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप द्वारा टाउनहाल से रवाना किया गया था।

राहत सामग्री के साथ युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, पूर्व सभासद आशुतोष गुप्ता, दिनेश जैन, विपिन जैन और मनीष चौहान भी नेपाल के लिए रवाना हुए थे। पूर्व सभासद विकल्प जैन ने बताया कि करीब चार दिन के सफर के बाद टीम शुक्रवार सुबह बनसबरी, काठमांडू पहुंची। राहत सामग्री को नेपाल पहुंचाने और सीमा पर आवश्यक व्यवस्थाएं कराने में विश्व हिंदू महासंघ अंतर्राष्ट्रीय की अध्यक्ष अस्मिता भंडारी और उनकी टीम का सहयोग रहा। कहा कि यदि अस्मिता भंडारी का सहयोग न मिलता तो यह सामग्री नेपाल पहुंचाना मुश्किल हो जाता। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी ने नेपाल को गंभीर पीड़ा दी है। प्रभावित क्षेत्र में लोग अभी तक भी अपनों को तलाश कर रहे हैं, रास्ते खत्म हो चुके हैं और गांव उजड़ गये हैं। ऐसे में हम नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप द्वारा दिये गये दायित्व को निभाने में सफल रहे और राहत सामग्री प्रभावित क्षेत्र तक पहुंचाकर एक आत्मिक संतोष मिला।

काठमांडू पहुंचने पर अस्मिता भंडारी ने अपने कार्यालय पर राहत सामग्री लेकर पहुंचे दल का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में मुजफ्फरनगर के लोगों की ओर से नेपाल के प्रभावितों के लिए सहायता भेजना संवेदनशीलता और मानवीय सहयोग का परिचायक है। भंडारी के अनुसार त्रासदी से 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और मृतकों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। उन्होंने कहा कि त्रासदी में कितने लोगों की जान गई, इसका अंतिम आंकड़ा जुटाना अभी मुश्किल है।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में स्पिक मैके ने कराया ओडिसी नृत्य कार्यक्रम
Share This Article