नहर में कूदा युवक गहरे पानी में समाया

भोपा। शाम के समय युवक ने गांव के निकट स्थित नहर में छलांग लगा दी। युवक के नहर में कूदने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने नहर में युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। भोपा थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग निवासी 18 वर्षीय विक्की पुत्र श्रवण शुक्रवार शाम बदहवास हालत में गांव के निकट नहर पुल पर पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विक्की ने पुल पर अपने कपड़े और जूते उतारकर रख दिए। वहां मौजूद राहगीर और ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही विक्की ने नहर में छलांग लगा दी। युवक को नहर में कूदता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर क्षेत्र की जौली चैकी प्रभारी सुमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से युवक की नहर में तलाश कराई गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। विक्की अपने परिवार का इकलौता पुत्र है। उसके पिता श्रवण की कुछ वर्ष पूर्व बिजली के हादसे में मौत हो गई थी। इकलौते बेटे के नहर में लापता होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माता मंजू, बहन अन्नू व दिव्या का रो-रोकर बुरा हाल है। गौरतलब है कि बुधवार को कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला सुभाष चैक निवासी 68 वर्षीय ब्रजपाल सिंह पुत्र बिशम्बर ने बेलड़ा पुल से गंग नहर में छलांग लगा दी थी। उनकी तलाश भी लगातार जारी है। दो दिनों के भीतर नहर में कूदने की दूसरी घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है।

इसे भी पढ़ें:  UPDATE- सहारनपुर में इमरान मसूद 85597 वोटों से आगे
Share This Article