मुजफ्फरनगर-दिल्ली-देहरादून हाईवे पर हादसाः अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को कुचला

हाईवे पर रातभर पड़ा रहा घायल व्यक्ति, सुबह कूड़े के पर क्षत-विक्षित शव मिलने से फैली सनसनी, मंसूरपुर में मिला मिमलाना रोड के इरशाद अब्बासी का शव, उदयपुर में रह रहे परिजनों को दी सूचना

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में दिल्ली देहरादून हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति सड़क किनारे कूड़े के ढेर के पास क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मंसूरपुर पुलिस ने घायल को उपचार के लिए बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान काफी प्रयासों के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से हुई। परिजन राजस्थान में रह रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर शहर में डिजीटल निगरानी को मजबूत बनाएंगी मीनाक्षी स्वरूप

जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार देर रात हुआ। आशंका है कि हाईवे से गुजर रहे किसी अज्ञात वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मार दी और उसको कुचलते हुए चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार सुबह उसका शव सड़क किनारे कूड़े के ढेर के पास क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। उसके एक हाथ और एक पैर में भी गंभीर चोटें थीं। दोनों टूटे हुए थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर मंसूरपुर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल भिजवाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर मुठभेड़: इनामी अमजद मारा गया, दो पुलिसकर्मी घायल

मृतक के पास से तत्काल पहचान संबंधी जानकारी नहीं मिलने के कारण पुलिस को उसकी शिनाख्त कराने में परेशानी हुई। मंसूरपुर थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी ने बताया कि पहचान के लिए सोशल मीडिया प्लेटफार्म का सहारा लिया गया। मृतक के फोटो प्रसारित होने के बाद मिमलाना रोड और लद्दावाला क्षेत्र में रहने वाले उसके रिश्तेदारों को जानकारी मिली। वे मंसूरपुर थाने पहुंचे और अस्पताल जाकर शव की पहचान इरशाद अब्बासी के रूप में की।

पुलिस के अनुसार, इरशाद अब्बासी मंसूरपुर क्षेत्र में अकेले रहकर होटलों में काम करता था। उसकी पत्नी और दोनों बेटे कारोबार के सिलसिले में परिवार सहित राजस्थान के उदयपुर में रहते हैं। रिश्तेदारों के माध्यम से उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक, परिजन उदयपुर से मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो चुके हैं। रिश्तेदारों ने बिना कार्रवाई शव की मांग की, लेकिन पुलिस ने इंकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे बेगराजपुर अस्पताल में रखवा दिया है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मृतक का शव उसके पुत्र अथवा किसी अन्य निकट संबंधी को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही सौंपा जाएगा। पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए हाईवे और आसपास के प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के लिए टीम लगाई गई है।

इसे भी पढ़ें:  AKROSH-क्रांतिसेना के कार्यकर्ताओं ने मंत्री कपिल देव के आवास पर दिया धरना
Share This Article