गौकशों पर बड़ा प्रहार, 13 आरोपी गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार

नई मंडी पुलिस ने बागोवाली, रथेड़ी और मदीना कॉलोनी में दी दबिश, वर्ष 2024 से लगातार गौकशी की घटनाओं में संलिप्तता के आरोप

मुजफ्फरनगर। गौकशी की घटनाओं में लगातार संलिप्त रहने के आरोपियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नई मंडी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को ग्राम बागोवाली, रथेड़ी और शहर की मदीना कॉलोनी में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है। संपत्तियां चिह्नित होने के बाद उन्हें कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-बल्ली लगाने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट, महिलाएं भी भिड़ीं

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, वर्ष 2024 से लगातार गौकशी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के उद्देश्य से नई मंडी थाने में मुकदमा संख्या 530/2026 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि इन आरोपियों पर संगठित रूप से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने और अवैध तरीके से आर्थिक लाभ अर्जित करने के आरोप हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस इनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 14 नवंबर को पुलिस टीमों ने बागोवाली, रथेड़ी और मदीना कॉलोनी में एक साथ दबिश दी। इस दौरान गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित सभी 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

इसे भी पढ़ें:  PALIKA-विकास के एजेंडे पर भाजपाई सभासद आमने-सामने

गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल

सीओ मंडी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सलमान पुत्र आकिल, पाल्लू उर्फ वामीश पुत्र शकील, कल्लू उर्फ इरशाद पुत्र यासीन, वसीम पुत्र आकिल, दानिश पुत्र आकिल, सीमा पत्नी इनाम, बेबी उर्फ शबाना पत्नी आलम, शाहिद पुत्र आलम और आलम पुत्र महमूद हसन निवासीगण ग्राम बागोवाली शामिल हैं। इसके अलावा एना उर्फ सोनू उर्फ कलीम पुत्र शकील, नदीम पुत्र शकील और मुन्ना पुत्र महमूद निवासीगण मदीना कॉलोनी तथा गुलबहार पुत्र बाबू निवासी गांव दतियाना थाना छपार को भी गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार सलमान के खिलाफ गौवध अधिनियम, लूट, हथियार और गैंगस्टर एक्ट सहित छह मुकदमे दर्ज हैं। पाल्लू उर्फ वामीश के खिलाफ गौकशी और अन्य धाराओं में एक मुकदमा दर्ज है। कल्लू उर्फ इरशाद के खिलाफ गौकशी से संबंधित मामलों के अलावा गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों और संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। संपत्तियों को चिह्नित कर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में की गई। दबिश और गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, उपनिरीक्षक संदीप चौधरी, अनुभव चौधरी और शेखर कंडपाल सहित नई मंडी थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-जेसीबी मशीन ने कूड़ा बिन रहे कबाड़ी को कुचला, मौके पर मौत
Share This Article