मुजफ्फरनगर में चंद्रशेखर-ओवैसी के खिलाफ पोस्टरबाजी, प्रवेश पर रोक

सपा नेता शौर्य भारद्वाज ने दोनों नेताओं के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की एंट्री पर जताया विरोध, पोस्टर में गठबंधन को बताया भाजपा की बी-टीम

मुजफ्फरनगर। शहर के दक्षिणी कृष्णापुरी मोहल्ले में आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कथित समाजवादी पार्टी से जुड़े नेता शौर्य भारद्वाज की ओर से लगाए गए इन पोस्टरों में दोनों नेताओं के गठबंधन का विरोध करते हुए उनके पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों के मोहल्ले में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की गई है।

भाजपा का गढ़ माने जाने वाले मौहल्ला दक्ष़्िाणी कृष्णापुरी में लगाये गये इन पोस्टरों पर शौर्य भारद्वाज का नाम निवेदक के रूप में दर्ज है। उन्होंने अपनी पहचान मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, समाजवादी पार्टी की मुजफ्फरनगर इकाई के मीडिया प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष के रूप में दी है। पोस्टर में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के फोटो लगाये गये हैं। इन दोनों दलों के बीच हाल ही में हुए राजनीतिक गठबंधन को भाजपा की बी-टीम बताते हुए उनके राजनीतिक गठजोड़ पर सवाल उठाए गए हैं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-मंडी समिति पर बकाया 3.42 करोड़ रुपये वसूलेगी पालिका

दक्षिणी कृष्णापुरी में लगाए गए पोस्टरों के जरिए शौर्य भारद्वाज ने स्पष्ट संदेश देने का प्रयास किया है कि वह दोनों नेताओं की राजनीतिक गतिविधियों और उनके गठबंधन से सहमत नहीं हैं। पोस्टरों में प्रवेश निषेध का संदेश प्रमुखता से अंकित किया गया है। इसके माध्यम से दोनों दलों से जुड़े लोगों कार्यकर्ता, नेता और समर्थकों की मोहल्ले में आवाजाही का विरोध किया गया है। पोस्टर सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। खासकर चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के बीच राजनीतिक नजदीकियों को लेकर विरोध के इस तरीके ने नई बहस छेड़ दी है। हालांकि, इस मामले में संबंधित दलों के किसी नेताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। फिलहाल दक्षिणी कृष्णापुरी में लगाए गए पोस्टर स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

इसे भी पढ़ें:  अलीगढ़ में SDM की गाड़ी पर पथराव, नगर निगम की कार्रवाई से भड़की भीड़ | SDM घायल

रिंकू राही के हमलावर बॉबी का पुत्र है शौर्य, दूसरे मौहल्ले में मकान

चंद्रशेखर और औवेसी के खिलाफ दक्षिणी कृष्णापुरी में पोस्टरबाजी करने वाले कथित सपा नेता शौर्य भारद्वाज के पिता पंकज भारद्वाज उर्फ बॉबी को 17 साल पहले छात्रवृत्ति घोटाला रोकने वाले तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी रिंकू सिंह राही पर जानलेवा हमला करने के आरोप में दोषसिद्धि के बाद सजा हुई थी। 6 मार्च 2009 को अज्ञात बदमाशों ने गोलियां बरसाकर तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी रिकू सिंह राही को गंभीर घायल कर दिया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया। मुकदमे की सुनवाई विशेष एससी-एसटी कोर्ट के अपर सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार पांडेय के समक्ष हुई। सुनवाई के बाद फरवरी 2021 कोर्ट ने गो सेवा आयोग उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष मुकेश चौधरी, ब्रजमोहन, परमीत तथा आदेश ठाकुर को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया था, जबकि लेखाकार अशोक कश्यप, प्रहलाद, अमित छोकर तथा बाबी उर्फ पंकज भारद्वाज को 10-10 वर्ष कारावास की सजा सुनाने के साथ ही 40-40 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया था। सूत्रों के अनुसार शौर्य भारद्वाज अब परिवार के साथ गांधी कालोनी में रहता है, उसका दक्षिणी कृष्णापुरी में आवास नहीं है, लेकिन पोस्टर यहां लगाये हैं।

इसे भी पढ़ें:  केशवपुरी में योग दिवस कार्यक्रम, स्कूल परिसर में योगासन और प्राणायाम कराया
Share This Article