महिलाओं से लोन की किश्तें वसूलकर कंपनी के दो कर्मचारी फरार

32 महिलाओं से 1.42 लाख और 14 महिलाओं से 83,774 रुपये वसूलने का आरोप, नई मंडी थाने में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज

मुजफ्फरनगर। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को छोटे ऋण उपलब्ध कराने वाली एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारियों पर लोन की किश्तों के नाम पर वसूली गई रकम हड़पने का आरोप लगा है। दोनों कर्मचारियों ने 46 महिलाओं से कुल 2 लाख 25 हजार 774 रुपये की किश्तें वसूल कीं, लेकिन यह रकम कंपनी के खाते में जमा नहीं कराई। मामले का खुलासा महिलाओं की शिकायत मिलने पर हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भारतीय रिजर्व बैंक से पंजीकृत मिडलैण्ड माइक्रोफिन लि. कम्पनी के द्वारा शहर के कुंज विहार कालोनी एटूजेड रोड पर अपनी शाखा चलाई जा रही है। कम्पनी के शाखा प्रबंधक चन्दन पुत्र दुष्यन्त निवासी ग्राम जयपुर जनपद सहारनपुर ने नई मंडी कोतवाली में कम्प्नी के दो कर्मचारियों जोकि फील्ड स्टाफ के रूप में कार्यरत थे के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कराया है। चन्दन द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कंपनी सूक्ष्म वित्तीय संस्था है, जो ग्रामीण और मध्यम वर्गीय महिलाओं को छोटे ऋण उपलब्ध कराने के साथ उनकी किश्तें वसूलने का काम करती है। कंपनी की ओर से शाहवेज पुत्र मेहरबान निवासी ग्राम बना थाना इंचौली जिला मेरठ और रियाज पुत्र इशाक निवासी ग्राम सहजी थाना बड़गांव जिला सहारनपुर को फील्ड स्टाफ के रूप में नियुक्त किया गया था। दोनों की जिम्मेदारी महिलाओं को दिए गए ऋण की किश्तें एकत्र कर कंपनी में जमा कराने की थी।

इसे भी पढ़ें:  प्रयागराज में अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद पर पहली FIR — भड़काऊ रील से भड़का विवाद

46 महिलाओं से वसूली गई रकम हड़पने का आरोप

एफआईआर के मुताबिक, शाहवेज ने 32 महिलाओं से कुल 1 लाख 42 हजार रुपये तथा रियाज ने 14 महिलाओं से 83 हजार 774 रुपये की किश्तें वसूल कीं। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने महिलाओं से प्राप्त कुल 2 लाख 25 हजार 774 रुपये कंपनी के खाते में जमा कराने के बजाय अपने पास रख लिए। मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब ऋण लेने वाली महिलाओं ने कंपनी को बताया कि वे अपनी किश्तें समय पर जमा कर चुकी हैं, इसके बावजूद उनके खातों में ऑनलाइन भुगतान लंबित दिखाई दे रहा है। कंपनी की ओर से दोनों कर्मचारियों से संपर्क कर जानकारी मांगी गई तो उन्होंने महिलाओं से किश्तों की रकम लेने की बात स्वीकार की, लेकिन कंपनी में धनराशि जमा नहीं कराई।

इसे भी पढ़ें:  छात्र आर्यन की बरामदगी में महिला पुलिसकर्मियों ने दिखाया जौहर

काफी समय से नहीं हो रहा संपर्क, फोन कर लिए बंद

शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों कर्मचारियों ने किश्तों की रकम कंपनी को लौटाने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद रकम जमा नहीं की गई। बाद में दोनों के मोबाइल फोन बंद आने लगे और उनसे संपर्क नहीं हो सका। कंपनी की ओर से पहले भी थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र दिया गया। नई मंडी थाना पुलिस ने शाहवेज और रियाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें:  जिला अस्पताल परिसर में आवारा कुत्तों हमले पर सीएमओ ने किया निरीक्षण
Share This Article