13 दिसंबर को बघरा में होगी सामाजिक समरसता महारैली, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई मंत्री होंगे शामिल, बोले- अपनी पूरी एमएलसी निधि चरथावल के विकास पर खर्च की
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने चरथावल विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। उन्होंने मिशन-2027 के लिए भाजपा से इस सीट के लिए टिकट की दावेदारी का दावा ठोंक दिया है। रविवार को गोकुल सिटी स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने 13 दिसंबर को बघरा में होने वाली सामाजिक समरसता महारैली की जानकारी दी। उन्होंने चरथावल विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पूरी एमएलसी निधि इसी क्षेत्र में खर्च की है।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि बघरा स्थित महर्षि कश्यप सेवा धाम में 13 दिसंबर 2026 को सामाजिक समरसता महारैली का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा परिवहन मंत्री दयाशंकर, केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल, होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति सहित करीब आधा दर्जन मंत्रियों के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि महारैली में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक कर कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों पर मंथन
प्रेस वार्ता से पहले नरेंद्र कश्यप ने गोकुल सिटी स्थित अपने आवास पर महारैली की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक समरसता के उद्देश्य को लेकर रैली को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और क्षेत्र में संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
2022 में टिकट मिलने के बाद पार्टी ने काटा था
मंत्री नरेंद्र कश्यप की चरथावल विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शुरुआत में नरेंद्र कश्यप को चरथावल सीट से प्रत्याशी घोषित किया था। हालांकि, इस सीट से पहले भाजपा विधायक रहे विजय कश्यप के निधन के बाद राजनीतिक समीकरण बदल गए। पार्टी ने बाद में उनकी पत्नी सपना कश्यप को प्रत्याशी बनाया था। सपना कश्यप को सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी पंकज मलिक से हार का सामना करना पड़ा था।
इस बार भी टिकट की दावेदारी में सपना से लड़ाई
अब आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चरथावल सीट पर भाजपा के भीतर दावेदारी की चर्चाएं तेज हैं। सपना कश्यप भी इस सीट से अपनी दावेदारी जता चुकी हैं। वहीं, नरेंद्र कश्यप को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) बनाकर योगी सरकार में मंत्री बनाया गया। मंत्री बनने के बाद भी उन्होंने चरथावल क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर अपनी सक्रियता बनाए रखी है। अपनी पूरी एमएलसी निधि क्षेत्र में खर्च करने का उल्लेख कर उन्होंने विकास कार्यों को अपनी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया। ऐसे में 13 दिसंबर को प्रस्तावित महारैली को सामाजिक समरसता के आयोजन के साथ-साथ चरथावल विधानसभा क्षेत्र में उनकी राजनीतिक सक्रियता और जनाधार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
