प्रेसवार्ता में बसपा नेता सुशील शर्मा, उनके भाई और पुत्र पर लगाए गंभीर आरोप, छह मुकदमे होने पर भी गिरफ्तारी नहीं
मुजफ्फरनगर। काली नदी रोड स्थित आर्किड फार्म पर शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय जाट संरक्षण समिति के अध्यक्ष एवं फार्म हाउस संचालक विपिन बालियान ने बसपा नेता सुशील शर्मा, उनके भाई अखिलेश शर्मा और पुत्र हैप्पी शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए। बालियान ने दावा किया कि उनके फार्म हाउस के मैनेजर से कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई, जिसके संबंध में शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
विपिन बालियान के अनुसार, पांच अप्रैल 2026 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों द्वारा अन्य व्यक्तियों को भी डराने-धमकाने तथा कथित रूप से वसूली किए जाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों को लेकर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण से संबंधित नोटिस दिलवाने और उसके बाद वसूली करने का दबाव बनाया जाता है। इसी को लेकर सुशील शर्मा के खिलाफ छह मुकदमे दर्ज होने का दावा करते हुए विपिन बालियान ने कहा कि आखिर प्रशासन ऐसे अपराधिक मानसिकता के व्यक्ति की गिरफ्तारी क्यों नहीं करा रहा है। इस सम्बंध में हम समाज के लोगों को साथ लेकर एसएसपी से मिलेंगे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे। कार्रवाई नहीं होने पर जो भी बन पड़ेगा वो आंदोलन किया जायेगा।
प्रेसवार्ता में बालियान ने अपने फार्म हाउस की भूमि को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि तहसील स्तर पर कराई गई जांच के अनुसार फार्म हाउस की सात बीघा भूमि न्याज अहमद पठान तथा चार बीघा भूमि मोहम्मद शफी से ली गई है। उनका दावा है कि उक्त संपत्ति शत्रु संपत्ति की श्रेणी में नहीं आती। इसके लिए तहसील प्रशासन ने भी अपनी रिपोर्ट में उल्लेख कियाह ै। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि आरोपी पक्ष की ओर से हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्थगन आदेश प्राप्त किया गया है। प्रेसवार्ता में आम आदमी समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान और भाजपा नेत्री अलका शर्मा भी मौजूद रहे।
