बिहार बंद के दौरान सीतामढ़ी SP पर हमला, छपरा में लाठीचार्ज, पटना में भी बवाल

पटना- आज बिहार बंद है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए हंगामे के अगले दिन पटना में हुए भारी उपद्रव की कड़ी में वामपंथी छात्र संगठनों के बिहार बंद को पहले वामदलों ने, फिर पूरे महागठबंधन ने समर्थन दिया। तेज प्रताप भी साथ उतरे। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर रहे। पटना में तेज प्रताप यादव को इसी दौरान हिरासत में लिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बिहार बंद के दौरान राज्य में कई जगहों पर पुलिस को निशाना बनाया, लेकिन सीतामढ़ी में एसपी अमित रंजन पर ही हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों के हमले में एसपी अमित रंजन को पैर में चोट लगी है।
सारण जिले में छपरा नगर निगम क्षेत्र के नगरपालिका चौक, साहेबगंज, थाना चौक, डाक बंगला रोड, सदर अस्पताल चौक, दारोगा राय चौक, भरत मिलाप चौक, भगवान बाजार रोड पर प्रदर्शन सबसे अधिक उग्र रहा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें दोनों ओर से पथराव की घटना सामने आई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस के एक वाहन में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। आगजनी के बाद पूरे शहर में तनाव व्याप्त हो गया और सुरक्षा की दृष्टि से कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं।
पटना के जेपी गोलंबर पर भारी संख्या में पटना पुलिस और केंद्रीय बलों के जवान सुबह से तैनात हैं। गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से आगे बढ़ते हुए प्रदर्शनकारी एग्जीबिशन रोड गोलंबर पर पहुंचे। यहां पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पथराव करने की भी कोशिश की। हालांकि पुलिस ने समय रहते प्रदर्शनकारियों खदेड़ दिया। इसके बाद भीड़ तितरबितर हो गई। जेपी गोलंबर, वीर कुंवर सिंह गोलंबर, डाक बंगला चौराहा के पास भारी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रदर्शनकारी टोली बनाकर कुछ जगह खड़े हैं। पुलिस लगातार प्रदर्शनकरियों को खदेड़ रही है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने खुद मोर्चा संभाल लिया है।

इसे भी पढ़ें:  जस्टिस यशवंत वर्मा ने दिया इस्तीफा, दिल्ली वाले घर में मिले थे भारी मात्रा में जले हुए नोट
Share This Article