मुजफ्फरनगर में हाईवे पर बर्निंग कार-दो सगे भाइयो सहित जिंदा जल गए छह युवक

पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराकर पलटी सीएनजी कार, भयंक आग में घिरी जिन्दगी, दमकल और पुलिस टीम ने आग पर पाया काबू, अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित किया, परिवारों में कोहराम

मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तितावी थाना क्षेत्र में जागाहेड़ी टोल प्लाजा से आगे फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार हुंडई ऑरा कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से भिड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर पलट गई। कार में सीएनजी किट लगी होने के कारण हादसे के बाद उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे में कार सवार छह युवक गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Contents
इसे भी पढ़ें:  PALIKA-चार शातिर ठेकेदारों के ईओ प्रज्ञा सिंह ने कतरे पर

सुबह करीब 4.50 बजे हुआ हादसा, हाईवे पर मची अफरा-तफरी

पुलिस के अनुसार सोमवार 9 नवंबर की सुबह करीब 4.50 बजे तितावी पुलिस को सूचना मिली कि पानीपत-खटीमा हाईवे पर जागाहेड़ी टोल प्लाजा से आगे फ्लाईओवर पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई है और उसमें आग लग गई है। सूचना मिलते ही थाना तितावी पुलिस, दमकल विभाग और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम मौके पर पहुंची।

कार में लगी आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह उसकी चपेट में आ गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कार में सवार छह युवकों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक सभी की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद छहों को मृत घोषित कर दिया।

हरियाणा के रहने वाले थे सभी युवक, गंगा स्नान के लिए निकले थे

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सवार सभी युवक हरियाणा के रहने वाले थे। थाना प्रभारी तितावी जयवीर सिंह के अनुसार मृतकों का संबंध हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद थाना क्षेत्र के गांवों से बताया गया है। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है——

इसे भी पढ़ें:  LOKSABHA ELECTION-मुजफ्फरनगर और बिजनौर सीटों पर बुजुर्गों-दिव्यांगों ने डाले वोट

1. अंकित पुत्र राजेश, निवासी राखी खास, थाना नारनौंद, उम्र 23 वर्ष।
2. साहिल पुत्र सोम कुमार उर्फ काला, निवासी राखी खास, थाना नारनौंद, उम्र 22 वर्ष।
3. अंकित पुत्र समंदर, निवासी राखी खास, उम्र 20 वर्ष।
4. राहुल पुत्र समंदर, निवासी राखी खास, उम्र 24 वर्ष। अंकित और राहुल दोनों भाई बताए गए हैं।
5. अमन पुत्र रामपाल, निवासी मोठ, थाना नारनौंद, उम्र 23 वर्ष।
6. अंकित, निवासी मोठ, थाना नारनौंद, उम्र 22 वर्ष।

रोते-बिलखते मुजफ्फरनगर पहुंचे परिजन, गांव में छाया शोक

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजन भी मुजफ्फरनगर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि सभी युवक हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए घर से निकले थे। उन्हें क्या पता था कि धार्मिक यात्रा के लिए निकले इन युवकों का सफर रास्ते में ही हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगा। हादसे की खबर गांवों में पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। एक साथ छह युवकों की मौत से उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।

इसे भी पढ़ें:  पेपर लीक के बाद नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द, सीबीआई करेगी जांच

एसएसपी और एसपी ग्रामीण ने लिया घटनास्थल का जायजा

हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी सूरज कुमार राय और एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक पुलिस बल, दमकल विभाग तथा फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और दुर्घटना के संबंध में प्रारंभिक जानकारी जुटाई। इसके बाद एसएसपी सूरज कुमार राय पुलिस अधिकारियों के साथ मोर्चरी पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देकर शवों के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। इसके बाद सीएनजी टैंक फटने के कारण गाड़ी में भयंकर आग लगी और पूरी गाड़ी लॉक हो जाने के कारण किसी को उतरने का मौका नहीं मिला, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।

Share This Article