मुजफ्फरनगर-पालिका बोर्ड मीटिंग में भाजपाईयों के बीच टकराव

भाजपा सभासदों राजीव और मनोज के खिलाफ मुस्लिम सभासदों को साथ लेकर खड़े हुए भाजपा के ही निर्वाचित सभासद देवेश ने उठाये कई सवाल

मुजफ्फरनगर। भाजपा चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप के समक्ष बोर्ड मीटिंग में भाजपा की भाजपा से ही सीधी लड़ाई नजर आई। भाजपा के एक निर्वाचित सभासद ने दो भाजपा सभासदों के वार्ड में अधिक विकास कार्य कराये जाने पर विरोध दर्ज कराते हुए कुछ मुस्लिम सभासदों के साथ मिलकर जमकर हंगामा किया और नगरपालिका परिषद् में चल रही विकास कार्यों की नीति पर सवाल उठाते हुए प्रकरण में जांच की मांग करते हुए पूर्व की बैठक में दोनों भाजपा सभासदों के वार्ड में स्वीकृत किये गये करीब ढाई करोड़ रुपये के विकास कार्यों को निरस्त करने की मांग की।

इसमें दोनों भाजपा सभासदों ने इस विरोध को निराधार बताते हुए शहर के समस्त 55 वार्डों में सीसी सड़कों के निर्माण की जांच कराये जाने की मांग सदन में रखी। इसको लेकर भाजपा के सभासद अपनी अपनी शिकायत को लेकर चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप के समक्ष ही आमने सामने डट गये और काफी देर तक हंगामा हुआ। हालांकि बाद में सर्व सम्मति से पूरा एजेंडा पारित कर दिया गया, इसमें भाजपा सभासद और उनके साथ भाजपा के खिलाफ खड़े हुए कुछ मुस्लिम सभासदों का विरोध भी बेअसर हो गया।

इसे भी पढ़ें:  महिला से अभद्रता पर भाकियू ने बिजली घर घेरा

भाजपा के निर्वाचित सभासद देवेश कौशिक ने वंदेमातरम के बाद बोर्ड मीटिंग शुरू होते ही शुक्रवार को सदन में प्रस्तुत 112 प्रस्ताव वाले एजेंडे के प्रस्ताव संख्या 1123 गत कार्यवाही की पुष्टि पर सख्त ऐतराज खड़ा किया। देवेश ने सदन में चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप और ईओ पवन कुमार के समक्ष 18 जुलाई 2026 की बोर्ड मीटिंग में शहर के विकास कार्यों के लिए पारित प्रस्ताव संख्या 1112 के क्रमांक 69 और 109 में वार्ड संख्या 25 और वार्ड संख्या 49 में स्वीकृत किये गये विकास कार्यों पर ऐतराज जताया। उन्होंने ईओ को पत्र सौंपते हुए इस पर सदन में ही जवाब मांगा। इसमें कहा गया कि वार्ड 49 और वार्ड 25 की भौगोलिक स्थिति भिन्न है, इसके बावजूद इन वार्डों में विकास कार्यों के लिए एक समान प्रस्ताव बना दिये गये। इसमें कैट आई सोलर, कैट आई थर्मो प्लास्टिक रोड लाइन, फैन्सी फोकस लाइट, विभिन्न स्थानों पर गमले रखने, सीएनसी कटिंग शीट से सौन्दर्यकरण, नाली, चैनल और पुलिया के साथ सड़क निर्माण और मरम्मत के कार्य शामिल किये गये।

इसे भी पढ़ें:  RAMLALA PRAN PRATISHTHA--मीनाक्षी के आवास पर श्रीराम का 'गौरव', राममय होगा शहर

इनका एस्टीमेट में भी निर्माण विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत करते हुए एक जैसा रखवाया गया। देवेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सभासदों राजीव शर्मा और मनोज वर्मा के वार्डों में ज्यादा विकास कार्य कराये जा जा रहे हैं, जबकि दूसरों के वार्डों की अनदेखी की जा रही है। देवेश कौशिक के साथ सभासद शौकत अंसारी, अब्दुल सत्तार, आदिल मलिक, मौहम्मद खालिद, अर्जुन प्रजापति, नौशाद पहलवान और अन्नु कुरैशी ने भी भाजपा सभासदों राजीव शर्मा और मनोज वर्मा के वार्ड में पूर्व बैठक में स्वीकृत इन कार्यों को निरस्त कराने की मांग की।

इस पर सभासद राजीव शर्मा ने सदन में कहा कि उनके वार्ड में स्वीकृत कार्य जनहित और आवश्यकता को देखते हुए पूर्व मीटिंग में बोर्ड की सर्वसहमति, जिसमें खुद देवेश कौशिक और मौहम्मद खालिद सहित आज विरोध करने वाले सभासद मौजूद थे, में पारित हुए हैं। इसमें कोई अनियमितता नहीं है। उन्होंने सदन में चेयरमैन के समक्ष मांग करते हुए कहा कि सभी 55 वार्डों में सीसी सड़क के ऊपर ही सीसी सड़क बनाये जाने की जांच भी करा ली जाये। इसमें जो दोषी हो उन पर कार्रवाई की जाये, उनके वार्ड से ही इस जांच की शुरूआत की जानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें:  गोगा म्हाडी पर मेले से लौटते किशोर पर कुत्तों का हमला, नोंचकर मार डाला

सभासद मनोज वर्मा का कहना है कि विकास की नीति हमारे मुख्यमंत्री योगी की है और इसी पर चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप बिना भेदभाव के अमल कर रही है। भाजपा की सरकार में शहर के उन वार्डों में भी विकास हो रहा है, जो शत प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले हैं, जहां आवश्यकता है, कार्य हो रहे हैं, कुछ लोग पार्टी की गाइडलाइन से इतर विपक्षी खेमे की कठपुतली बनकर भाजपा की चेयरमैन को बदनाम कराने के लिए ऐसे झूठे प्रपंच रच रहे हैं, ऐसे लोगों की शिकायत हमें पार्टी संगठन के स्तर पर भी पहुंचाने का काम करेंगे। इस हंगामे के बीच चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों गुटों के सदस्यों को समझाकर मामला शांत कराया। ईओ पवन कुमार का कहना है कि गत कार्यवाही की पुष्टि सदन पास कर चुका है और पूरा एजेंडा प्रस्ताव संख्या 1123 से प्रस्ताव संख्या 1235 तक सर्व सहमति बनने के कारण पारित हुआ है।

Share This Article