कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन की प्रगति परखी
मुजफ्फरनगर। जनपद के नवनियुक्त जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कार्यभार संभालने के अगले ही दिन प्रशासनिक कामकाज का जायजा लेना शुरू कर दिया। रविवार को अवकाश होने के बावजूद भी उन्होंने कचहरी परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालयों में चल रहे कार्यों, व्यवस्थाओं और प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नवागंतुक जिलाधिकारी ने कार्यालयों में अभिलेखों के रखरखाव, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और आमजन से जुड़े कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी कामकाज में समयबद्धता और पारदर्शिता बनाए रखें तथा जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कमांड कंट्रोल सेंटर को भी देखा। इसके बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन नए प्रशासनिक भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयसीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।
नौ साल बाद जिले में हुई सुनील कुमार की वापसी
नवनियुक्त जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह का मुजफ्फरनगर से पहले भी प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। वह अगस्त 2015 से दिसंबर 2017 तक जिले में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के पद पर तैनात रह चुके हैं। मूल रूप से प्रतापगढ़ जनपद के निवासी सुनील कुमार सिंह ने पीसीएस अधिकारी के रूप में अपनी प्रशासनिक सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 2016 में उन्हें आईएएस कैडर में पदोन्नति मिली। प्रशिक्षण के बाद वर्ष 2022 में उन्हें आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद वर्ष 2023 में वह जनपद गौतमबुद्धनगर के ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) के पद पर तैनात हुए। शासन की ओर से दो दिन पूर्व जारी तबादला आदेश में उन्हें मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया। शनिवार देर शाम जिला मुख्यालय पहुंचकर उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया। रविवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर निरीक्षण करना उनकी प्राथमिक प्रशासनिक गतिविधियों में शामिल रहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अमित सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
