भारी बारिश में भी शिव चौक पहली बार रहा जलभराव से मुक्त

जल निकासी व्यवस्था को लेकर नगर पालिका के कार्यों का दिखा असर, पालिका के प्रयासों की हो रही चर्चा

मुजफ्फरनगर। चार दिनों से जारी बारिश के बीच बुधवार रात से गुरुवार दिनभर हुई तेज बारिश ने पूरे जिले को प्रभावित किया। शहर और देहात क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली, लेकिन शहर के प्रमुख शिव चैक पर पहली बार भारी बारिश के बावजूद जलभराव नहीं हुआ। हल्की बारिश में भी कई फीट पानी के कारण जलभराव की एक बदरंग तस्वीर पेश करने वाले शहर के हृदय स्थल शिव चैक पर गुरुवार को भारी बारिश के बीच भी सड़कें साफ नजर आईं, जिसे लेकर लोगों में नगरपालिका परिषद् की ओर से जल निकासी को सुदृढ़ रखने के लिए किए जा रहे कार्यों और प्रयासों की चर्चा बनी रही।

इसे भी पढ़ें:  बजरंग दल पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार

 

शिव चैक शहर का प्रमुख केंद्र माना जाता है। कांवड़ यात्रा के दौरान भी इसका विशेष महत्व रहता है। उत्तराखंड से कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्त इसी स्थान से अलग-अलग मार्गों की ओर रवाना होते हैं। लंबे समय से यहां जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नगर पालिका स्तर पर प्रयास किए जा रहे थे। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की ओर से कराए गए कार्यों का असर अब बारिश के दौरान दिखाई देने लगा है।

इसे भी पढ़ें:  जब तक अपने समाज के लोगों को उनका हक नहीं दिलवा देते संघर्ष जारी रहेगा- रामकुमार वालिया

नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि शिव चैक के साथ पूरे शहरी क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़े स्तर पर योजनाओं पर काम किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी की तर्ज पर शहर की व्यवस्थाओं को विकसित करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रामपुरी और शाहबुद्दीन क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए तकनीकी कमेटी गठित कर जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की जाएंगी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-जानसठ हादसे में मुकदमा दर्ज, मालिक और ठेकेदार गिरफ्तार

इसके अलावा शहर के अन्य हिस्सों में भी जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य चल रहा है। कई स्थानों पर बड़े नालों का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में जलभराव की समस्या को कम किया जा सकेगा। नगर पालिका ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है, जिसमें नालों में कूड़ा-कचरा न डालने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Share This Article