KANWAR YATRA-शिव भक्तों का अभिनंदन, सीएम योगी ने आसमां से की पुष्प वर्षा

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर, तिरंगे और भगवा ध्वजों ने बढ़ाई धार्मिक यात्रा में श्रद्धा की भव्यता

हेलीकॉप्टर से शिव चौक पहुंचे मुख्यमंत्री ने योगी ने भक्ति पथ पर निकले कांवड़ियों पर बरसाये फूल, मंत्री कपिल देव और पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में स्वागत का उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

मुजफ्फरनगर। भगवान शिव के प्रिय सावन माह की आस्था और कांवड़ यात्रा के उल्लास से सराबोर मुजफ्फरनगर में शनिवार को शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर के हृदयस्थल और कांवड़ यात्रा के मुख्य पड़ाव शिव चौक पर उस समय श्रद्धा और उत्साह चरम पर पहुंच गया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलीकॉप्टर से उड़ते हुए शिव भक्ति के पथ पर निकले कांवड़ियों पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। आसमान से बरसती पुष्प पंखुड़ियों के बीच नीचे सड़क पर उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब और गूंजता हर-हर महादेव का जयघोष पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहा था।

शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीकॉप्टर से शिव चौक पहुंचे। उन्होंने कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ ही शिव चौक के ऊपर से गुजरते हुए शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री की ओर से हुए इस अभिनंदन और वंदन ने कांवड़ियों में जबरदस्त उत्साह भर दिया। कई कांवड़िये हाथ उठाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन करते नजर आए। शिव चौक पर मुख्यमंत्री की पुष्पवर्षा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रभक्ति का भी रंग देखने को मिला। श्रद्धालुओं के हाथों में तिरंगे और कांवड़ियों के हाथों में भगवा ध्वज लहरा रहे थे।

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल, नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी शिव चौक पर भारी जनसमूह के साथ मौजूद रहे। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर मुख्यमंत्री योगी का धरा से स्वागत किया। इसके पश्चात उन्होंने भी सड़क पर खड़े होकर यहां से गुजरते कांवड़ियों पर फूलों की बारिश कर उनका स्वागत किया।

इसे भी पढ़ें:  यूपी मौसम चेतावनी: 7 दिन तक बारिश-ओलों का खतरा, किसान सतर्क रहें

जैसे ही हेलीकॉप्टर शिव चौक के ऊपर पहुंचा और पुष्पवर्षा शुरू हुई, श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के साथ मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मोबाइल फोन से इस दृश्य को रिकॉर्ड करते नजर आए। भक्ति की इस भीड़ में शिव चौक पर एक ओर तिरंगा लहरा रहा था तो दूसरी ओर कांवड़ियों के हाथों में भगवा ध्वज नजर आ रहे थे। बाबा नीलकंठ और बजरंगबली के ध्वजों के साथ आगे बढ़ते कांवड़ियों ने धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रभावना का भी संदेश दिया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में रिश्वत लेते सिविल लाइन थाने के एसएसआई गिरफ्तार

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करना शिवभक्तों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस भाव से कांवड़ियों में नया उत्साह पैदा हुआ है। मुजफ्फरनगर की धरती पर शिवभक्तों का स्वागत करना गौरव का विषय है और पूरा शहर कांवड़ियों की सेवा में जुटा हुआ है।

नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करना ऐतिहासिक और भावपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस पुष्पवर्षा के माध्यम से करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का सम्मान किया है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक आयोजनों के लिए बेहतर वातावरण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भाजपा सरकार में सांस्कृति विरासतों को संरक्षण और पहचान मिली है। ये श्रद्धा और आस्था का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर की धरती पर मुख्यमंत्री द्वारा कांवड़ियों का इस तरह अभिनंदन किया जाना शहरवासियों के लिए गर्व की बात है।

इसे भी पढ़ें:  डोईवाला में मदरसा भवन सील, MDDA ने की बड़ी कार्रवाई

इस दौरान शिव चौक पर सुरक्षा व्यवस्था की कमान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा और एसपी सिटी अमृत जैन ने संभाली। बड़ी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की तैनाती रही। यहां पर मुख्य रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, शरद शर्मा, रेणू गर्ग, अमित शास्त्री, नरेन्द्र गुर्जर, विशाल गर्ग, विपुल भटनागर, अमित पटपटिया, मनी पटपटिया, आशुतोष गुप्ता सहित भाजपा के कार्यकर्ता और हिंदूवादी संगठनों के नेता तथा श्रद्धालुगण मौजूद रहे।

Share This Article