मुजफ्फरनगर में ऑनर किलिंग! प्रेम प्रसंग में युवती की मौत पर हड़कम्प

गुपचुप अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाई जा रही अर्थी को पुलिस ने रोका, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पुलिस ने जताई आत्महत्या की आशंका

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहडब्बर में रविवार को 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। प्रेम प्रसंग के मामले में युवती के परिजनों पर हत्या (ऑनर किलिंग) का आरोप लगा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाई जा रही अर्थी को रोककर शव कब्जे में ले लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव शाहडब्बर निवासी नीतू कश्यप की 19 वर्षीय पुत्री तनु की मौत से जुड़ी सूचना रविवार को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर पीआरवी 6584 मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि परिजन चोरी-छिपे युवती का अंतिम संस्कार करने के लिए शव को श्मशान घाट ले जा रहे थे। इसी दौरान सक्रिय हुई बुढ़ाना कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम ने श्मशान घाट के निकट पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेजा।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-होर्डिंग से पर्यावरण क्षति को लेकर पालिका गंभीर

घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और तनाव का माहौल देखा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना राधा रमण सिंह ने जानकारी दी कि आज 29 नवंबर 2026 को डायल-112 पर थाना बुढ़ाना क्षेत्र के ग्राम शाहडब्बर में तनु पुत्री नीतू कश्यप की हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर डायल-112 और थाना बुढ़ाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।

इसे भी पढ़ें:  फेसबुक पर महिला ने की दोस्ती, ट्रैडिंग में फंसाकर किया 12 लाख का ऑनलाइन फ्रॉड

पुलिस अधिकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया जांच में युवती द्वारा विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका प्रतीत हुई है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल थाना बुढ़ाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उधर ग्रामीणों में चर्चा है कि युवती का प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे परिजन नाराज थे और युवती का समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती नहीं मान रही थी। इसी विवाद में परिजनों ने उसकी हत्या की और शव का गुपचुप अंतिम संस्कार करने के लिए शव को श्मशान घाट भी लेकर चले गये थे, किसी ने पुलिस को सूचना दी और मामला उजागर हुआ है।

इसे भी पढ़ें:  एमडीए के नाम पर अवैध वसूली और रंगदारी का धंधाः शातिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Share This Article