परिवार के साथ गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर से अलमासपुर राखी बांधने जा रहा था कुलदीप, पति-पत्नी घायल
मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के दिन एक परिवार की खुशियों को हादसे ने मातम में बदल दिया। गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी कुलदीप अपनी पत्नी राखी और तीन बच्चों के साथ मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र के गांव अलमासपुर जा रहा था। गांव कवाल के पास हाईवे पर भयंकर हादसा हो गया। इसमें दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि माता पिता और एक बेटा घायल हुए हैं। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है।
पानीपत-खटीमा हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की दुखद मृत्यु हो गई। इस दुर्घटना में बच्चों के माता-पिता और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह परिवार राखी बांधने के लिए मुजफ्फरनगर जा रहा था।
हादसा मीरापुर क्षेत्र के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी कुलदीप के साथ हुआ। वे अपनी पत्नी राखी और तीन बच्चों कुलबीर (5), अभी (4) व दीपिका (3) के साथ बाइक पर सवार थे। परिवार मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र के गांव अलमासपुर की ओर जा रहा था। गांव कवाल के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस टक्कर के कारण बाइक पर सवार सभी पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद अभी और दीपिका को मृत घोषित कर दिया। कुलदीप, उनकी पत्नी राखी और बड़े बेटे कुलबीर का इलाज जारी है। इस हृदय विदारक घटना से पुट्ठी इब्राहिमपुर गांव में गहरा शोक छा गया है। राखी के त्योहार से ठीक पहले परिवार पर आई इस विपत्ति ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
