मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई कार, दो युवकों की मौत

मेरठ से शादी समारोह से लौट रहे थे आठ लोग, मुजफ्फरनगर-चरथावल मार्ग पर हुआ हादसा, परिवारों में कोहराम

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। मेरठ से शादी समारोह से लौट रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई और पलट गई।

चरथावल थाना क्षेत्र में चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर सीएनजी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि कार में आठ लोग सवार थे, जो मेरठ में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। सीओ सदर डॉ. रविशंकर के अनुसार कार में सवार अधिकतर लोग चरथावल थाना क्षेत्र के निवासी थे, जबकि एक व्यक्ति सिखेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।

सीओ सदर डॉ. रविशंकर द्वारा मीडिया को बताया गया कि कार चालक का घर चरथावल कस्बे से पहले ही मार्ग पर पड़ता है। चालक ने तेज रफ्तार में कार को अपने घर की ओर मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन गति अधिक होने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई और पलट गई। हादसे में कार सवार युवकों रोहित और विकास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया।

इसे भी पढ़ें:  यूजीसी एक्ट के खिलाफ मोरना में सवर्ण समाज ने निकाली रैली

सीओ सदर डॉ. रविशंकर ने रात में ही जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनसे घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गौरतलब है कि चरथावल क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को भी एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में भारी बारिश: 3 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद
Share This Article