MUZAFFARNAGAR-स्कूल के पास खाली मकान में चल रही थी तमंचा फैक्ट्री

मुजफ्फरनगर। शहरी क्षेत्र में ही एक स्कूल के पास बंद पड़े मकान में चलाई जा रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही भारी मात्रा में बने और अधबने अवैध शस्त्रों के साथ उपकरण भी बरामद किये हैं। यहां तैयार हो रहे अवैध असलाह की सप्लाई चुनावी माहौल के बीच कई जिलों में की जानी थी। एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।

शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसएसपी अभिषेक सिंह ने शहर कोतवाली पुलिस द्वारा किये गये गुडवर्क का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर महावीर सिहं चैहान के नेतृत्व गुरूवार को थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री को जब्त करते हुए 04 अभियुक्तों को यादराम के मकान मिमलाना रोड से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से भारी मात्रा में बने-अधबने शस्त्र तथा शस्त्र निर्माण के उपकरण बरामद किये गये। एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम को चैकिंग के दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि मिमलाना रोड में सम्राट स्कूल से पहले बन्द बाउण्ड्री कालोनी के पीछे खाली पडे़ यादराम के मकान अवैध शस्त्र निर्माण का कार्य किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई और मौके से 04 लोगों को शस्त्र निर्माण करते हुए गिरफ्तार किया गया।

इस दौरान एक अन्य आरोपी फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों में जावेद पुत्र फैज मौहम्मद निवासी खालापार, शमशाद पुत्र नत्थू निवासी दक्षिणी खालापार, दानिश पुत्र ताहिर सिद्दीकी निवासी महमूदा पन्नी फैक्ट्री वाली गली मौहल्ला किदवाई नगर और तसलीम पुत्र शमीम अहमद निवासी गाँव दतियाना थाना छपार शामिल हैं। जबकि उनका साथी वसीम पुत्र रशीद निवासी अम्बा विहार खालापार फरार हो गया। प्रारम्भिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त जावेद द्वारा बताया गया कि आगामी लोकसभा चुनाव में अवैध शस्त्रों की मांग बढ़ जाती है, जिसके कारण हमने अपने साथियों के साथ मिलकर इस स्थान पर अवैध शस्त्र निर्माण की फैक्ट्री लगायी है क्योंकि यह काफी सूनसान इलाका है तथा यहां कोई आता-जाता नही है। हमारे द्वारा इस फैक्ट्री में अवैध शस्त्रों का निर्माण किया जाता है और मरम्मत की जाती है और हमारा साथी वसीम कहीं से अवैध पिस्टल खरीद कर लाता है। शमशाद व तसलीम हमारे द्वारा लगायी गयी फैक्ट्री में नये तमंचे बनाना व उनकी मरम्मत का कार्य करते हैं तथा दानिश व जावेद अवैध शस्त्रों को खरीदने के ग्राहक लाते हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। यहां से पुलिस ने 05 पिस्टल मय मैगजीन, 03 रिवाल्वर 32 बोर और 09 तमंचा 315 बोर सहित भारी मात्रा में अवैध असलाह बरामद किया है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक महावीर सिहं, उप निरीक्षक विनोद कुमार अत्री, राहुल कुमार, लोकेश कुमार गौतम, हैड कांस्टेबल शिवओम भाटी, अनिल चैधरी, मनवीर सिंह और प्रवीन कुमार, कांस्टेबल गवेन्द्र सिंह, सचिन कुमार, जितेन्द्र सिंह और मौहम्मद इश्फाक शामिल रहे। थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा किये गये सराहनीय कार्य के लिये एसएसपी अभिषेक द्वारा पुलिस टीम को 10,000 रुपये नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर व्योम बिंदल एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली महावीर सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-नगरपालिका ने की टैक्स बढ़ाने की तैयारी

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *