चौकड़ा बिजलीघर पर किसानों ने किया घेराव

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन ने बिजली आपूर्ति के ठप होने और अघोषित कटौती के साथ ही सड़क और चकबंदी आदि समस्याओं को लेकर सोमवार को चौकड़ा बिजली घर का किसानों के साथ घेराव करते हुए धरना दिया। इस दौरान समस्या का समाधान होने तक बिजलीघर पर बेमियादी आंदोलन का ऐलान किया गया।

भाकियू के एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में सैंकड़ों किसान चौकड़ा बिजलीघर पर पहुंचे और वहां घेराव प्रदर्शन करते हुए धरना शुरू कर दिया। धरने पर उपस्थित किसानों ने क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप होने के आरोप लगाते हुए अघोषिट कटौती को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। भाकियू एनसीआर अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि ये आंदोलन समाधान होने तक चलाया जायेगा। बिजलीघर पर भी भोजन बनेगा और भण्डारा चलेगा। जिले के अधिकारियों को किसानों और ग्रामीणों की समस्या से कोई सरोकार नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि चौकड़ा बिजलीघर से अघोषित कटौती लंबी हो रही है। आपूर्ति बदहाल होने से सभी काम धंधे प्रभावित हैं और खेतों में सिंचाई नहीं हो पा रही है।

इसे भी पढ़ें:  जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर अफसरों ने बंदियों ने जाना सूरत-ए-हाल

विकास शर्मा ने कहा कि बिजली घर की मशीन ओवरलोड होने के कारण बार-बार ट्रिप होती है, इसी कारण कटौती बढ़ रही है। गर्मी में इससे भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बिजलीघर की क्षमता बढोतरी करने की मांग करने के साथ ही चोकड़ा से कुटेसरा संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति का मामला भी उठाते हुए कहा कि सड़क खराब होने के कारण यहां पर आवागमन दूभर है और हादसों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने इस सड़क का निर्माण कराये जाने के साथ ही नहरों और राजवाहों में पानी नहीं आने, चकबंदी में भ्रष्टाचार, किसानों का बैंकों में हो रहा उत्पीड़न, तहसीलों में बढ़ता भ्रष्टाचार आदि मुद्दों को लेकर बेमियादी आंदोलन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जब तकि इन समस्याओं का समाधान करने के लिए जिले के अधिकारी किसानों के बीच नहीं आते, किसान बिजली घर से नहीं जायेंगे और यह आंदोलन जिला स्तर पर भी आगे बढ़ाया जायेगा। 

इसे भी पढ़ें:  मंत्री कपिल देव ने की लोगों से अपनी नई वोट बनवाने की अपील
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *