पानीपत-खटीमा मार्ग पर भयंकर हादसा, मां-बेटे की मौत

मुजफ्फरनगर। बीती देर रात पानीपत खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक और एक कार की आमने सामने की जबरदस्त भिडं़त हो जाने के कारण मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवती सहित तीन घायल हो गये। पुलिस ने मृतकों के शवों को पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार लोग मुजफ्फरनगर में शादी समारोह में भाग लेने के बाद वापस गांव लौट रहे थे। पीनना तिराहे पर सामने से आती तेज रफ्तार कार ने सीधी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। पुलिस ने मृतक पक्ष की ओर से तहरीर लेकर कार चालक के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारण मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ था। पुलिस ने रात्रि में ही दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया। वहीं हादसे को लेकर ग्रामीणों में भी भारी रोष नजर आया।

इसे भी पढ़ें:  रात को सड़कों पर उतरे डीएम-एसएसपी, कांवड़ियों से पूछा हालचाल

प्राप्त समाचार के अनुसार थाना तितावी क्षेत्र के गांव जसोई निवासी नरेश कुमार के परिवार से उनकी पत्नी और अन्य लोग मुजफ्फरनगर में शादी समारोह में भाग लेने के लिए आए थे। देर रात वो बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। करीब साढ़े नौ बजे जब वो शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के पानीपत खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग के पीनना तिराहे पर पहुंचे तो तितावी की ओर से आ रही एक ईको कार ने बाइक में तेज रफ्तार के कारण सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक टक्कर लगने के बाद उलट गई और कार भी आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई और बाइक सवार सभी लोग घायल हो गये। राहगीरों ने दौड़कर घायलों को उठाया और पुलिस को इसकी जानकारीदी। हादसे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया, जहां बाइक सवार महिला और उसके एक मासूम बेटे को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

शहर कोतवाली प्रभारी अक्षय शर्मा ने बताया कि सोमवार की देर रात थानाक्षेत्र कोतवाली नगर के अन्तर्गत पानीपत खटीमा हाईवे के पीनना तिराहे पर एक मोटरसाइकिल व ईको कार की टक्कर हो गयी। दुर्घटना में 05 लोग घायल हो गये। सूचना पर थाना कोतवाली नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक महिला व एक सात वर्षीय बच्चे की दुखद मृत्यु हो गयी। अन्य घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा मृतकों के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। बुढ़ाना मोड़ चौकी प्रभारी एसआई ज्ञानेन्द्र सिंह नागर ने बताया कि देर रात हुए हादसे में ग्राम जसोई निवासी 36 वर्षीया महिला संगीता पत्नी नरेश कुमार और उसके सात साल के बेटे अवि की मौत हो गई, जबकि बाइक पर ही सवार 20 वर्षीया काजल पुत्री नरेश, 30 वर्षीय सचिन पुत्र सतपाल और 28 वर्षीय संदीप पुत्र पल्लाराम निवासीगण जसोई घायल हुए हैं। नरेश कुमार ने पुलिस को कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। इसको लेकर कार्यवाही की जा रही है। 

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-किशोरी का अपहरण कर किया रेप
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *