जीआईसी मैदान पर आउट सोर्स सफाई कर्मियों की हुई शिनाख्त परेड

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद् में आउट सोर्स सफाई कर्मचारियों के रूप में मैन पॉवर उपलब्ध कराने वाली कंपनी के कार्य को परखने के लिए रविवार की सुबह पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने जीआईसी मैदान पर पालिका को सफाई कार्य के लिए 55 वार्डों और नाला गैंग के रूप में आपूर्ति किये जा रहे 369 आउटसोर्स कर्मचारियों की शिनाख्त परेड कराई। इस दौरान तीन कर्मचारी नदारद पाये गये, जिनको हटाने के निर्देश मौके पर ही दिए गये।

नगरपालिका परिषद् में सफाई कार्य के लिए अनुबंध के आधार पर दिल्ली की कंपनी अलर्ट सिक्योरिटीज द्वारा 369 सफाई कर्मचारियों को आउट सोर्स पर उपलब्ध कराये गये हैं। इन सफाई कर्मचारियों को आवश्यकता के अनुसार शहर के सभी वार्डों में बांटा गया है ताकि सफाई व्यवस्था को और सुचारू बनाया जा सके, लेकिन कई बार यह शिकायत मिलती रही है कि आउट सोर्स सफाई कर्मियों को संख्या बल के आधार पर उपलब्ध नहीं किया जा रहा है। एक ही कर्मचारी कई वार्डों में दिखाकर भुगतान मांगा जाता है। इसी का सत्यापन कराने के लिए रविवार को ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने जीआईसी मैदान पर सभी 55 वार्डों और नाला गैंग में लगे आउट सोर्स सफाई कर्मचारियों की शिनाख्त परेड सफाई नायकों के साथ कराई। इस दौरान प्रत्येक वार्ड में लगे आउट सोर्स सफाई कर्मचारियों को उनके सफाई नायक के साथ सूची के अनुसार हाजिरी ली गई और उनको आई कार्ड, आधार कार्ड तथा बैंक पास बुक जैसे दस्तावेजों के आधार पर भी परखने का काम किया गया। सभी कर्मचारियों को एपरिन, वर्दी और आई कार्ड के साथ बुलाया गया था।

इसे भी पढ़ें:  देवबन्द थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सोनकर का जुआरी गैंग पर कड़ा प्रहार, आठ जुआरी किये गिरफ्तार नकदी बरामद की

ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के दिशा निर्देशन में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है, इसमें नियमित सफाई कर्मियों के साथ ही संविदा और आउट सोर्स सफाई कर्मियों को भी लगाया गया है। वर्तमान में पालिका द्वारा अलर्ट्स सिक्योरिटीज प्रा. लि. नई दिल्ली से अनुबंध के आधार पर 369 आउट सोर्स सफाई कर्मचारियों की सेवा ली जा रही है। इसमें समय समय पर यह शिकायत मिलती रही है कि कंपनी संख्याबल के अनुपात में कर्मचारियों को उपलब्ध नहीं करा रही है, जबकि वेतन पूरा मांगा जाता है।

कंपनी का दो माह का वेतन पालिका पर बकाया है, क्योंकि पूरे दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराये गये थे, अब कंपनी ने वेतन की डिमांड की है तो ऐसे में तयशुदा संख्याबल के आधार पर उपलब्ध कर्मचारियों की शिनाख्त परेड कराई है। इसमें तीन कर्मचारी नदारद मिले हैं, जिनमें वार्ड 33 से पुरोहित उटवाल पुत्र प्रमोद उटवाल, वार्ड 29 से सर्वेश पुत्र जोगीराम और वार्ड 23 से श्रीकान्त पुत्र राजकुमार शामिल हैं। इनको तत्काल हटाने के निर्देश कंपनी को दिए गए हैं। साथ ही प्रत्येक वार्ड में तैनात आउट सोर्स सफाई कर्मियों की सफाई नायक के साथ फोटो ली गई है। यह फोटो बैनर के रूप में वार्ड में लगाने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में भी लगाई जायेगी और आउटसोर्स कर्मी का वार्ड से तबादला भी नहीं किया जायेगा। इनके आई कार्ड पर वार्ड संख्या के साथ वार्ड के उस एरिया का भी उल्लेख होगा, जहां उनको कार्य के लिए लगाया गया है। ताकि कार्य में पारदर्शिता बनी रहे और सभासद व आम लोगों को भी इसकी जानकारी रहे। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक योगेश गोलियान, सफाई निरीक्षक प्लाक्षा मैनवाल, आईटी ऑफीसर प्रियेश कुमार आदि मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  कार सवार बदमाशों ने दिनदहोड़ की हथियारों के बल पर लूट

परेड कराने पर सफाई कर्मी नेताओं ने किया हंगामा, बुलानी पड़ी पुलिस

मुजफ्फरनगर। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह के आदेश पर जब नगर स्वास्थ्य अधिकारी अन्य अधिकारियों के साथ सवेरे आउट सोर्स सफाई कर्मियों की शिनाख्त परेड कराने के लिए जीआईसी मैदान पर व्यवस्था बनाने में जुटे थे, इसी बीच सफाई कर्मी नेता राजेश उटवाल, राजू वैद और राजकुमार आदि वहां पर पहुंचे तथा हंगामा शुरू कर दिया। बताया गया कि इन लोगों ने सफाई नायकों व कर्मचारियों को इस तरह बुलाकर उनकी परेड कराने पर आक्रोश जताया और वहीं पर धरना देने की तैयारी शुरू कर दी। इसको लेकर एनएसए डॉ. अतुल ने ईओ को सूचना दी तो वो भी तत्काल मौके पर पहुंची और उन्होंने हंगामा करते लोगों को समझाया। इसके बाद नहीं माने तो पुलिस फोर्स को बुला लिया गया, तब जाकर वो शांत हुए।

इसे भी पढ़ें:  PALIKA-ओमबीर और सालिम की ताजपोशी से पालिका में जश्न

सूची में पूर्व विधायक के बेटे का भी नाम, बिना काम ले रहा वेतन

मुजफ्फरनगर पालिका को आउट सोर्स सफाई कर्मचारी उपलब्ध करा रही अलर्ट्स सिक्योरिटीज प्रा. लि. की वार्ड सूची में अधिकांश सभी कुछ ठीक मिला, लेकिन वार्ड 33 की सूची में एक ऐसा नाम सामने आया, जिस पर ईओ भी चौंक गई। वार्ड 33 में पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल के भाई राजेश उटवाल सफाई नायक हैं। इसमें आउटसोर्स सफाई कर्मचारी के रूप में पुरोहित उटवाल पुत्र प्रमोद उटवाल का नाम भी शामिल रहा। कंपनी के प्रबंधक ने बताया कि पुरोहित कभी कार्य पर नहीं आया, लेकिन वेतन डिमांड आती है। इसको लेकर ईओ ने पुरोहित को तत्काल हटाने और वेतन भी नहीं देन के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल को दिये हैं। 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *