MUZAFFARNAGAR-मंगल बाजार में गरीब महिलाओं पर चला पुलिसिया लठ का जोर

मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित नुमाइश मैदान में मंगलवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ में गरीब परिवारों की महिलाओं को ठिये लगाने से रोकते हुए उन पर पुलिसिया लठ के सहारे रौब गालिब करने पर बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। महिलाओं ने मंगल पैठ से सीधे कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपने बच्चों के साथ डीएम कार्यालय पर खूब शोर शराबा किया और पुलिस पर उनकी रोजी रोटी का सहारा छीनने का आरोप लगाया। महिलाएं इतनी आक्रोशित थी कि उन्होंने वोट लेने वाले नेताओं को भी खूब ललकारा और कहा कि वो ईमानदारी से अपने परिवार को चलाने के लिए साप्ताहिक पैठ में ठिये लगाकर कपड़े आदि सामान बेचने का काम कर रही हैं, लेकिन उनके ही मुंह का निवाला छीना जा रहा है। सारा कानून उन गरीबों पर ही चलाया जा रहा है। जो सड़कों पर पूरा कब्जा जमाकर बड़े कारोबार कर रहे हैं, पुलिस का लठ उनके सामने शर्मिन्दा हो जाता है। महिलाओं का हंगामा होने पर सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप उनके बीच पहुंचे और मनाने का प्रयास किया, महिलाओं का हंगामा लगातार बढ़ने पर महिला पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट में बड़ा हंगामा हो गया। मंगल बाजार में मेरठ रोड पर सड़क किनारे अपने ठिये लगाकर कपड़े और अन्य सामान बेचने वाली गरीब परिवारों की महिलाओं ने पुलिस की जोर जबरदस्ती के खिलाफ आवाज उठाते हुए डीएम कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि हम लगातार पिछले कई वर्षों से नुमाइश ग्राउंड के बाहर मंगल बाजार में अपने ठिये लगा रहे हैं। इससे उनके परिवार की रोजी रोटी चलती है, लेकिन आज जब वो ठिये लगाने के लिए पहुंची तो वहां पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा बाजार लगाने से रोका गया। पुलिस कर्मियों ने कई महिलाओं का ठिया हटवाने के लिए उनके साथ अभद्रता की और लाठी के जोर पर उनके सामान को सड़क से उठाकर फेंक दिया गया। महिलाओं ने डीएम कार्यालय के समक्ष भारी आक्रोश जताते हुए जमकर शोर मचाया और प्रदर्शन करते हुए पुलिस पर उत्पीड़न करने के आरोप लगाती रही। हंगामे की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप महिलाओं के बीच पहुंचे और उनको मनाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने उनका भी घेराव करते हुए शोर शराबा जारी रखा और मंगल बाजार में उनके ठिये लगवाये जाने की मांग करती रही। महिलाओं का हंगामा बढ़ता देकर सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने सिविल लाइन और महिला थाना से महिला पुलिस फोर्स को भी मौके पर बुला लिया था। यहां महिला थाना प्रभारी ने महिला सिपाहियों के साथ मिलकर प्रदर्शनकारी महिलाओं को काबू करने का प्रयास भी किया, लेकिन वो लगातार हंगामा करती रही।

इन प्रदर्शनकारियों में शामिल कविता, रूबी, निशा, माया, ममता, संगीता, मुस्कान आदि महिलाओं ने कहा कि हम सप्ताह में एक दिन मंगल बाजार लगाते हैं जिससे घर का खर्च चलता है, लेकिन पुलिस कर्मियों द्वारा बाजार नहीं लगाने दिया गया। महिलाओं ने बाजार नहीं लगने पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। उधर, सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि पुलिस कर्मियों के द्वारा उनको मंगल साप्ताहिक पैठ बाजार में उनके ठिये लगाने से नहीं रोका जाएगा। उन्होंने इस सम्बंध में मौके पर मौजूद महिला थाना प्रभारी को भी निर्देश दिये कि वो स्वंय जाकर महिलाओं के ठिये मंगल बाजार में लगवाकर आयेंगी, जिसके बाद महिलाओं ने प्रदर्शन समाप्त किया। सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप का कहना है कि मंगल बाजार में केवल नुमाइश मैदान के भीतर ही ठिये लगाकर सामान बेचने की अनुमति है, लेकिन कुछ लोग सड़क किनारे भी ठिये लगाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है, इसी के चलते पुलिसकर्मियों ने सड़क से ठिये हटवाये थे, महिलाओं को समझा बुझाकर वहां से भेज दिया गया। 

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-रुड़की रोड से भी लिगेसी वेस्ट हटवायेगी पालिका
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *